सिंगरौली जिले के बैढ़न स्थित 132 केवी उपकेंद्र में रविवार को निर्धारित मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। इसके चलते आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक, यानी चार घंटे के लिए, कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उपकेंद्र में मुख्य बस आइसोलेटर से 132 केवी मेन बस तक जम्पर कार्य और अन्य आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि भविष्य में बिजली आपूर्ति सुचारु रह सके। मेंटेनेंस के दौरान 132 केवी बैढ़न उपकेंद्र से निकलने वाली निगाही-1 और निगाही-2 लाइनों पर असर पड़ेगा। इसके अतिरिक्त, 33 केवी बैढ़न, दूधिचुआ, निगाही, सरस, परसौना, नवजीवन विहार, कचनी और जयंत फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इस कटौती का असर जिला मुख्यालय क्षेत्र, बैढ़न शहर और आसपास के कई मोहल्लों पर होगा। इनमें नवजीवन विहार, कचनी, औद्योगिक क्षेत्र बलियरी, बसंत विहार, सिंगरौलीया, परसौना, हर्रहवा, मझौली शामिल हैं। एनसीएल के निगाही, दूधिचुआ, जयंत और अमलोरी क्षेत्र भी प्रभावित रहेंगे। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कई औद्योगिक इकाइयों को भी चार घंटे की बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति चरणबद्ध तरीके से बहाल कर दी जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और आवश्यक मेंटेनेंस कार्य सुरक्षित व समय पर पूरा करने के लिए सहयोग की अपील की है।
Source link