Last Updated:
सूर्यकुमार यादव के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 बुरे सपने जैसा रहा. अमेरिका के खिलाफ एक अर्धशतक (84*) को छोड़ दें तो पूरे टूर्नामेंट में उनका बल्ला खामोश रहा. सेमीफाइनल में 11 रन बनाने के बाद, न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में वे पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए. बड़े मैचों में इस फ्लॉप शो ने उनके प्रदर्शन पर सवालिया निशान लगा दिए हैं.
सूर्याकुमार यादव ने फैन्स को निराश किया.
अहमदाबाद: नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच और लाखों दर्शकों की उम्मीदें, मौका था टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल और सामने थी न्यूजीलैंड की चुनौती. हर भारतीय क्रिकेट प्रेमी को उम्मीद थी कि आज ‘मिस्टर 360’ यानी सूर्यकुमार यादव का बल्ला आग उगलेगा लेकिन जो हुआ उसने करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया. सूर्या फाइनल जैसे सबसे महत्वपूर्ण मुकाबले में पहली ही गेंद पर आउट यानी गोल्डन डक का शिकार होकर डगआउट लौट गए. यह पहला मौका नहीं है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के इस सूर्या पर कुछ हद तक ‘ग्रहण’ ही लगा नजर आया.
वर्ल्ड कप 2026: एक अर्धशतक और नाकामियों का अंबार
सूर्यकुमार यादव के लिए यह वर्ल्ड कप किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. अगर पूरे टूर्नामेंट के आंकड़ों पर नजर डालें तो सूर्या की फॉर्म ने टीम इंडिया की चिंताएं बढ़ाए रखी. पूरे टूर्नामेंट में उनके बल्ले से सिर्फ यूएसए (USA) के खिलाफ एक अर्धशतक (84 रन) निकला. इसके अलावा, जब-जब टीम को उनकी जरूरत थी, सूर्या बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.
| तारीख | विपक्षी टीम | मैदान | रन (स्कोर) | परिणाम/टिप्पणी |
|---|---|---|---|---|
| 7 Feb 2026 | यूएसए (USA) | वानखेड़े, मुंबई | 84* | टूर्नामेंट का एकमात्र अर्धशतक |
| 12 Feb 2026 | नामीबिया | दिल्ली | 12 | सस्ते में आउट |
| 15 Feb 2026 | पाकिस्तान | कोलंबो (RPS) | 32 | बड़ी पारी खेलने में नाकाम |
| 18 Feb 2026 | नीदरलैंड | अहमदाबाद | 34 | सेट होकर विकेट गंवाया |
| 22 Feb 2026 | दक्षिण अफ्रीका | अहमदाबाद | 18 | दबाव में फ्लॉप |
| 26 Feb 2026 | जिम्बाब्वे | चेन्नई | 33 | औसत प्रदर्शन |
| 1 Mar 2026 | वेस्टइंडीज | ईडन गार्डन्स | 18 | जल्दी आउट |
| 5 Mar 2026 | इंग्लैंड | वानखेड़े, मुंबई | 11 | सेमीफाइनल: फ्लॉप |
| 8 Mar 2026 | न्यूजीलैंड | अहमदाबाद | 0 | फाइनल: गोल्डन डक |
क्या ‘बड़े मैच’ का दबाव नहीं झेल पा रहे सूर्या?
एक तरफ सूर्यकुमार यादव आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पायदानों पर काबिज रहते हैं, वहीं दूसरी तरफ बड़े टूर्नामेंटों के नॉकआउट मैचों में उनका प्रदर्शन उनके कद के अनुरूप नहीं रहा है. सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ महज 11 रन और आज फाइनल में शून्य पर आउट होना यह दर्शाता है कि सूर्या हाई-प्रेशर गेम में अपनी लय खो रहे हैं. पाकिस्तान और नीदरलैंड जैसी टीमों के खिलाफ उन्होंने 30 के आंकड़े को छुआ लेकिन वे अपनी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील करने में विफल रहे. एक फिनिशर और मध्यक्रम के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज से जिस निरंतरता की उम्मीद की जाती है, वह इस पूरे वर्ल्ड कप में नदारद दिखी.
About the Author
पत्रकारिता में 14 साल से भी लंबे वक्त से सक्रिय हूं. साल 2010 में दैनिक भास्कर अखबार से करियर की शुरुआत करने के बाद नई दुनिया, दैनिक जागरण और पंजाब केसरी में एक रिपोर्टर के तौर पर काम किया. इस दौरान क्राइम और…और पढ़ें