मंदसौर शहर सहित पूरे अंचल में रविवार को रंगपंचमी का पर्व बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। सामाजिक समरसता मंच के तत्वावधान में शहर में रंगारंग गैर और भव्य फाग यात्रा निकाली गई। यात्रा में ढोल-नगाड़ों की थाप पर समाजजन झूमते हुए चले और गुलाल उड़ाकर पूरे वातावरण को फाग के रंगों से सराबोर किया गया। फाग यात्रा में बैंड-बाजों और ढोल की धुन पर युवाओं की टोलियां उत्साह और उमंग के साथ शामिल हुईं। यात्रा के दौरान गुलाल उड़ाने की मशीन से रंगों की बौछार की गई, वहीं राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस वर्ष यात्रा में विशेष रूप से भजन मंडलियों की टोलियां भी शामिल हुईं, जिन्होंने फाग गीत गाते हुए पूरे मार्ग में माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। नगर के संतों और समाज प्रमुखों के सानिध्य में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। 20 बस्तियों से निकले हुरियारे
इस वर्ष शहर की करीब 20 बस्तियों से समाजजन ढोल-नगाड़ों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों से गैर निकालते हुए सुबह आजाद चौक पहुंचे। यहां से भव्य फाग यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा आजाद चौक से घंटाघर, भारत माता चौराहा, बड़े बालाजी बस स्टैंड होते हुए गांधी चौराहा पहुंची। पूरे मार्ग में विभिन्न समाजों और संगठनों द्वारा स्वागत की विशेष तैयारियां की गई थीं। करीब 15 स्थानों पर अल्पाहार के स्टॉल लगाए गए, जहां यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत कर उन्हें नाश्ता और पेयजल उपलब्ध कराया गया। फाग यात्रा के साथ फायर फाइटर वाहन भी शामिल रहा, जिसके माध्यम से जगह-जगह पानी की बौछार कर माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बनाया गया। इससे रंगों की बौछार के बीच लोग झूमते नजर आए। रंगपंचमी के आयोजन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर चेक प्वाइंट भी बनाए गए थे ताकि व्यवस्था बनी रहे। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में पूरा आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। शहर में रंगपंचमी के इस आयोजन में हर वर्ग के लोगों ने भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ रंगों के इस पर्व का आनंद लिया। पूरे दिन शहर का माहौल गुलाल और फाग के रंगों से सराबोर रहा।
Source link