इंदौर से जुड़े ग्वालियर के हनी ट्रैप रैकेट के तार: फेसबुक पर हैलो से कहानी शुरू, ब्लैकमेलिंग पर खत्म; कारोबारी से लूटे 12 लाख के गहने – Gwalior News

इंदौर से जुड़े ग्वालियर के हनी ट्रैप रैकेट के तार:  फेसबुक पर हैलो से कहानी शुरू, ब्लैकमेलिंग पर खत्म; कारोबारी से लूटे 12 लाख के गहने – Gwalior News


रामेंद्र सिंह परिहार। ग्वालियर1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

हनी ट्रैप गैंग का शिकार कारोबारी मुंह छिपाते हुए फ्लैट की ओर जाता हुआ।

राजस्थान के एक ऑटो पार्ट्स कारोबारी को हनी ट्रैप कर 12 लाख रुपए का सोना लूटने वाली गैंग के तार अब इंदौर से भी जुड़ गए हैं। कारोबारी की दोस्ती फेसबुक पर इंदौर की एक महिला से हुई थी।

महिला ने उसे ग्वालियर की हनी ट्रैप गैंग की मास्टरमाइंड रीता का मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद रीता ने कारोबारी को मिलने के लिए बुला लिया। गैंग में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। ये लोग फेसबुक पर सबसे पहले कारोबारियों को ‘हैलो’ का मैसेज भेजती हैं। इसके बाद धीरे-धीरे बातचीत बढ़ाकर उनसे एडल्ट चैट करने लगती हैं।

जब कारोबारी पूरी तरह इनके जाल में फंस जाता है तो उसे फ्लैट पर मिलने के लिए बुलाया जाता है। ‘हैलो’ से शुरू हुई बातचीत गांधी नगर के एक फ्लैट के कमरे तक पहुंचती है। इसके बाद हनी ट्रैप गैंग की ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू होता है। आरोपी व्यापारी के पास मौजूद नकदी और गहने लूट लेते हैं।

5 मार्च को गैंग ने राजस्थान के एक कारोबारी को हनी ट्रैप कर लूट लिया था। उसकी शिकायत पर अगले दिन शुक्रवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनसे पूछताछ जारी है। हनी ट्रैप गैंग की मास्टरमाइंड रीता के मोबाइल से कई व्यापारियों के नंबर मिले हैं। इनमें से एक व्यापारी ने अपने साथ वारदात होना स्वीकार किया, लेकिन उसने शिकायत करने से इनकार कर दिया।

कारोबारी भरत भुटानी को बुलाकर हनी ट्रैप का शिकार बनाया गया।

कारोबारी भरत भुटानी को बुलाकर हनी ट्रैप का शिकार बनाया गया।

फेसबुक पर दोस्ती कर बनाते थे शिकार

पकड़ी गई महिला रीता और निधि अधेड़ उम्र के कारोबारी, व्यापारियों और युवकों को फेसबुक पर ‘हैलो-हाय’ भेजकर दोस्ती करती थीं। इसके बाद मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान कर वॉट्सऐप पर बातचीत शुरू करतीं और उनकी आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगाती थीं।

सामने वाला मालदार होने पर ही वे आगे संपर्क बढ़ाती थीं। फेसबुक पर ‘हैलो’ से शुरू हुई कहानी गांधी नगर के फ्लैट के बेडरूम तक पहुंचती थी। इसके बाद दुष्कर्म का आरोप लगाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया जाता था। बदनामी और शर्म के डर से ज्यादातर लोग इनकी शिकायत तक नहीं करते थे।

हनी ट्रैप मामले की जांच करती पुलिस।

हनी ट्रैप मामले की जांच करती पुलिस।

कोटा के ऑटो पार्ट्स कारोबारी को ऐसे फंसाया

ग्वालियर के पड़ाव थाने के पास ऑटो पार्ट्स कारोबारी से कट्टे की नोक पर गहने लूटने की घटना की जब पुलिस ने गंभीरता से जांच की और सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो मामला हनी ट्रैप का निकला।

ग्वालियर में झंग बिरादरी की रामलीला में केवट का किरदार निभाने आए राजस्थान के कोटा निवासी ऑटो पार्ट्स कारोबारी भरत भूटानी को पॉश कॉलोनी गांधी नगर के एक फ्लैट में रीता और निधि ने बुलाया था। वे उसे बेडरूम में बिस्तर तक ले गईं और उसके साथ कुछ समय बिताया।

इसी दौरान महिलाओं के पुरुष साथी वहां आ धमके और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए करीब 12 लाख रुपए के गहने लूट लिए। व्यापारी ने पुलिस को कट्टे की नोक पर लूट की कहानी बता दी। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करते हुए रीता, उसके पति राजेंद्र, दामाद विशाल और बेटी निधि को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से कारोबारी से लूटे गए करीब 8 तोला सोने के गहने बरामद किए गए, जिनमें सोने की चेन, कड़ा और तीन अंगूठियां शामिल हैं।

इंदौर की नेहा ने कराई ग्वालियर की रीता से मुलाकात

पुलिस के मुताबिक कारोबारी भरत भूटानी से महिला रीता आर्य ने अपने घर में लूट कराई थी। कारोबारी से महिला रीता की मुलाकात इंदौर में रहने वाली नेहा ने कराई थी। नेहा के टच में कारोबारी राजस्थान से फेसबुक के जरिए आया था। इस तरह ग्वालियर के हनी ट्रैप गैंग के तार अब मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से भी जुड़ गए हैं।

मोबाइल में मिले कारोबारियों के नंबर, ठगी की आशंका

पुलिस ने जब हनी ट्रैप गैंग की महिला सदस्यों के मोबाइल खंगाले तो ग्वालियर समेत प्रदेश के अन्य शहरों के कई लोगों के नंबर मिले। इनमें कुछ कारोबारी भी शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि इन लोगों से भी ठगी की गई है।

ग्वालियर में अक्टूबर 2025 में एक व्यापारी को भी हनी ट्रैप किया गया था। व्यापारी इन महिलाओं के फ्लैट पर आया था। वहां उसे हनी ट्रैप कर उसकी सोने की चेन और सोने का ब्रेसलेट लूट लिया गया। जब पुलिस ने उससे संपर्क किया तो उसने स्वीकार किया कि वह हनी ट्रैप का शिकार हुआ था, लेकिन शिकायत दर्ज कराने से उसने साफ इनकार कर दिया।

महिला ने दुष्कर्म के आरोप के बाद किया समझौता

कुछ साल पहले जनकगंज थाना क्षेत्र में गैंग की निधि ने एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की थी। कुछ समय बाद उसने उस युवक से समझौता कर लिया। पुलिस अब इस मामले की भी जानकारी जुटा रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह मामला भी हनी ट्रैप से जुड़ा हो सकता है।

हनी ट्रैप कर ऐंठे रुपयों से बनाया मकान

गिरोह से पूछताछ के बाद पड़ाव पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। हनी ट्रैप गिरोह की मुख्य सरगना महिला है। उसकी बेटी, दामाद और पति भी इस गिरोह में शामिल हैं। यह गैंग आज से नहीं, बल्कि कई सालों से इस धंधे में लिप्त है।

गैंग कई लोगों को हनी ट्रैप कर काफी रकम ऐंठ चुकी है। इन्हीं पैसों से गिरोह ने ग्वालियर के कांचमिल इलाके में एक आलीशान मकान भी बनवाया है। इनके शिकार कई लोग हुए हैं, लेकिन बदनामी के डर से वे पुलिस के पास नहीं पहुंच रहे हैं।

फ्लैट के कमरे में थे दो रास्ते

जिस फ्लैट में महिलाएं व्यापारियों को हनी ट्रैप करती थीं, उसमें भी चोर रास्ता बनाया गया था। एक दरवाजा सामने की ओर था, जबकि दूसरा दरवाजा किचन के जरिए कमरे से जुड़ा हुआ था। इसी रास्ते से महिला का पति और दामाद कमरे में प्रवेश कर टारगेट को धमकाते थे।

यह खबर भी पढ़ें…

ग्वालियर में रामलीला आर्टिस्ट से हनी ट्रैप में गहने ठगे

रीता आर्य और निधि आर्य।

रीता आर्य और निधि आर्य।

ग्वालियर में हनी ट्रैप के जरिए कोटा के ऑटो पार्ट्स व्यापारी और रामलीला कलाकार भरत भुटानी से सोने के गहने छीनने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने शुक्रवार रात गिरफ्तार किया है। आरोपियों में कांग्रेस नेत्री रीता आर्य, उनके पति राजेंद्र बुंदेला, बेटी निधि आर्य और दामाद विशाल आर्य शामिल हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link