Last Updated:
Suryakumar Yadav next aim: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ऐतिहासिक जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नए मिशन का ऐलान कर दिया है. ‘भरोसे की टीम’ चुनने वाले सूर्या ने हुंकार भरते हुए कहा कि उनका अगला लक्ष्य ओलंपिक गोल्ड और उसी साल का टी20 वर्ल्ड कप जीतना है.कोच गौतम गंभीर के साथ अपनी अटूट दोस्ती और साझा लक्ष्य का जिक्र करते हुए सूर्या ने साफ कर दिया कि भारतीय क्रिकेट का यह स्वर्णिम दौर अभी रुकने वाला नहीं है.
सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद बताया अगला प्लान.
नई दिल्ली. विश्व विजय का परचम लहराने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने खेल जगत में खलबली मचा दी है.टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी हाथ में थामे सूर्या ने अपनी अगली मंजिल साफ कर दी है. उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा, ‘मेरा अगला लक्ष्य ओलंपिक गोल्ड और उसी साल होने वाला टी20 वर्ल्ड कप है.’ लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी हो रही है और सूर्या ने अभी से अपनी नजरें उस सोने के तमगे पर गड़ा दी हैं. सूर्या ने साफ कर दिया कि वह केवल वर्ल्ड कप की हैट्रिक से संतुष्ट नहीं होने वाले, बल्कि वह तिरंगे को ओलंपिक पोडियम पर सबसे ऊपर देखना चाहते हैं. यह बयान उनके अटूट आत्मविश्वास और देश के लिए कुछ बड़ा करने के जज्बे को दर्शाता है.
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने कोच गौतम गंभीर के साथ अपनी जुगलबंदी और टीम के ‘भरोसे’ पर बात करते हुए संकेत दिया कि 2028 उनके करियर का सबसे बड़ा माइलस्टोन होने वाला है. एक ही साल में ओलंपिक गोल्ड और टी20 वर्ल्ड कप जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए ‘अल्टीमेट ड्रीम’ है. सूर्या की इस दहाड़ ने यह साफ कर दिया है कि टीम इंडिया अब केवल द्विपक्षीय सीरीज या आईसीसी टूर्नामेंट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ओलंपिक में भी अपनी बादशाहत कायम करने के लिए तैयार है.
सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद बताया अगला प्लान.
सूर्यकुमार यादव ने जसप्रीत बुमराह को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए ‘राष्ट्रीय धरोहर’ करार दिया जो इस करिश्माई तेज गेंदबाज के लिए सबसे उपयुक्त उपमा मानी जा सकती है. न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से जीत के साथ सूर्यकुमार की टीम पुरुष क्रिकेट में लगातार विश्व टी20 खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई और साथ ही घरेलू मैदान पर ट्रॉफी जीतने वाली भी पहली टीम बनी.
सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा, ‘बुमराह एक पीढ़ी में एक बार आने वाले गेंदबाज हैं. मैं उन्हें राष्ट्रीय धरोहर कह सकता हूं. उन्हें पता है कि विकेट कैसे झटके जा सकते हैं, वह इस खेल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं. मुझे लगता है अभी थोड़ा समय लगेगा, लेकिन मैं निश्चित रूप से बहुत खुश हूं. यह लंबा सफर रहा है. यह 2024 विश्व कप के बाद शुरू हुआ. जय शाह, रोहित भाई, उन्होंने मुझमें विश्वास दिखाया और मुझे नेतृत्व करने का मौका दिया. वहां से यह लंबा सफर रहा और यहां आकर जीत हासिल करना सुखद है.’ बुमराह ने फाइनल में चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट झटककर शानदार गेंदबाजी की और न्यूजीलैंड को 159 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई.
कप्तान ने अपने खिलाड़ियों की जमकर प्रशंसा की जिन्होंने टीम को अभूतपूर्व सफलता दिलाने में मदद की. उन्होंने कहा, ‘पिछले दो साल में हमने अच्छा क्रिकेट खेला है और हम बस 2024 विश्व कप में अपनाई गई आदतों का पालन करना चाहते थे. लड़कों ने इसे बहुत अच्छी तरह से अपनाया.’ खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखने के बारे में मुम्बई के इस खिलाड़ी ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह समझना बहुत जरूरी है कि वे किसमें सक्षम हैं. और मुझे पता था कि उनमें मैच जिताने की काबिलियत है. समय बिल्कुल सही था. संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा शीर्ष खिलाड़ी हैं और हमें पता था कि वे कुछ खास करेंगे, और उन्होंने फाइनल में ऐसा ही किया.’ सैमसन (89) और अभिषेक (52) ने पावरप्ले में 92 रन और पहले विकेट के लिए में 98 रन जोड़े.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें