टी20 वर्ल्डकप में भारत की शानदार जीत, सतना में देर रात तक चलता रहा जश्न

टी20 वर्ल्डकप में भारत की शानदार जीत, सतना में देर रात तक चलता रहा जश्न


Last Updated:

Satna News: टी20 वर्ल्डकप के फाइनल को लेकर सतना के लोगों में अलग ही उत्साह देखने को मिला. कई परिवारों और युवाओं ने अपने घरों की छतों पर प्रोजेक्टर लगाकर मैच देखा. वहीं कुछ होटलों और दुकानों के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जहां लोग रुक-रुककर मैच का स्कोर देखते रहे.

सतना. टी20 वर्ल्डकप की खिताबी जंग में भारत की ऐतिहासिक जीत ने पूरे देश के साथ-साथ सतना शहर को भी जश्न के रंग में रंग दिया. जैसे ही मैच का अंतिम परिणाम सामने आया, शहर की गलियों, सड़कों और मोहल्लों में उत्सव का माहौल बन गया. मैच के दौरान कुछ लोग अपने घरों की छतों पर प्रोजेक्टर लगाकर मैच देखते नजर आए, तो वहीं कुछ सड़कों पर रुक-रुककर बड़ी स्क्रीन पर स्कोर देखते रहे. जैसे ही भारत की जीत पक्की हुई, पूरे शहर में आतिशबाजी शुरू हो गई और लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भारत की शानदार जीत का जश्न मनाया. भारत की जीत के बाद सतना के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. पन्नीलाल चौक, भरहुतनगर मोड़, रीवा रोड और पन्ना रोड जैसे इलाकों में युवाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर जश्न मनाया. लोगों ने तिरंगा लहराते हुए इंडिया-इंडिया के नारे लगाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की.

कई जगहों पर युवाओं ने बाइक रैली भी निकाली. शहर में जश्न का माहौल देर रात तक बना रहा. पटाखों की गूंज और ढोल की थाप के बीच लोग एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए. छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई इस जीत का हिस्सा बनना चाहता था.

प्रोजेक्टर और बड़ी स्क्रीन पर मैच का क्रेज
इस बार फाइनल मैच को लेकर लोगों में अलग ही उत्साह देखने को मिला. कई परिवारों और युवाओं के समूहों ने अपने घरों और छतों पर प्रोजेक्टर लगाकर मैच देखा. वहीं कुछ होटल और दुकानों के सामने बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जहां लोग रुक-रुककर मैच का स्कोर देखते रहे. शहर के कई इलाकों में लोग मैच के आखिरी ओवर तक सांस रोककर बैठे रहे और जैसे ही जीत मिली, वैसे ही खुशी का ठिकाना नहीं रहा. लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी इस जश्न की झलकियां साझा कीं.

शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी की तारीफ
लोकल 18 से बातचीत में सतना निवासी आयुष ताम्रकार ने कहा कि भारतीय टीम का फाइनल में प्रदर्शन बेहद शानदार रहा. संजू सैमसन की 46 गेंदों में 89 रन की पारी ने मैच का रुख ही बदल दिया. हालांकि सभी को उम्मीद थी कि उनका शतक पूरा होगा लेकिन उससे ज्यादा खुशी भारत की जीत की है. उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही 256 रनों का बड़ा लक्ष्य देकर टीम इंडिया ने विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया था. इसके बाद गेंदबाजों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया और जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी ने मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया.

कप्तानी और टीम मैनेजमेंट की भी सराहना
स्थानीय लोगों ने सिर्फ खिलाड़ियों ही नहीं बल्कि टीम मैनेजमेंट की भी जमकर तारीफ की. क्रिकेट प्रेमी किशन परिहार ने कहा कि कोच और कप्तान ने जिस तरह युवा खिलाड़ियों को मौका दिया और उन्हें लगातार बैक किया, उसी का नतीजा है कि टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि भले ही फाइनल में कप्तान बल्ले से बड़ा योगदान न दे पाए हों लेकिन सूर्यकुमार यादव की कप्तानी काबिलेतारीफ रही. साथ ही कोच गौतम गंभीर को भी पहले काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी लेकिन टीम की लगातार सफलताओं ने यह साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट टीम किसी से कम नहीं है.

होटल संचालकों और युवाओं में दिखा उत्साह
होटल संचालक आलोक तिवारी ने कहा कि फाइनल में भारत की बल्लेबाजी बेहद शानदार रही और टीम ने 250 से अधिक का स्कोर खड़ा कर दिया. इसके बाद गेंदबाजी और फील्डिंग में भी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की. वहीं आस्कृत तिवारी ने कहा कि उन्हें पहले से ही भरोसा था कि इस बार भी भारत ही जीतेगा. उन्होंने अपनी भारतीय टीम की जर्सी दिखाते हुए कहा कि अब तीसरा टी20 वर्ल्डकप जीतने के बाद जर्सी पर मौजूद दो स्टार्स की जगह तीन स्टार्स हो जाएंगे.

सतना में भारत की इस जीत का जश्न देर रात तक चलता रहा और लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलकती रही. क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में भी भारतीय टीम इसी तरह शानदार प्रदर्शन करती रहेगी और देश का नाम रोशन करती रहेगी.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link