दमोह कोतवाली पुलिस ने सोमवार को कार से कुचलने के प्रयास के मामले में आरोपी अमरदीप ठाकुर पर केस दर्ज कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने खुद मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत एक्शन के निर्देश दिए थे। यह घटना शुक्रवार सुबह शिवाजी स्कूल के पास हुई थी। पीड़ित अभिनव चौबे ने बताया कि आरोपी अमरदीप ठाकुर पिछले नौ महीने से उनसे रंजिश रख रहा था और सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां दे रहा था। शुक्रवार को आरोपी ने अपनी कार दो बार रिवर्स की और तीसरी बार तेजी से अभिनव की बाइक को टक्कर मारकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया। इस हमले में अभिनव गंभीर रूप से घायल हो गए। सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा यह पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। रविवार शाम को जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ, तब पुलिस महकमे में हलचल मची। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह आरोपी ने जानबूझकर गाड़ी से हमला किया। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट और वीडियो के आधार पर आरोपी अमरदीप के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें तलाश कर रही हैं।
Source link