सतना जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र में हुए एक अंधे हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। नदी किनारे मिला था शव
थाना प्रभारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि कौशलेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ डब्ल्यू (45) 4 मार्च की रात को अपने घर से अचानक लापता हो गए थे। अगले दिन 5 मार्च को उनका शव गांव के बाहर नदी किनारे मिला। मृतक के सिर के पीछे चोट के निशान थे और शरीर पर घसीटने के भी निशान पाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में सामने आया कि सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पत्नी पर हुआ शक
जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ की। पता चला कि मृतक पहले गुजरात में लेबर सुपरवाइजर के रूप में काम करता था, लेकिन कुछ समय से गांव में रह रहा था। इस दौरान उसकी पत्नी कुसुम सिंह उर्फ रीना (28) से अक्सर विवाद होता था। इसी आधार पर पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। साइबर जांच में खुला राज
पूछताछ के दौरान महिला गोलमोल जवाब देती रही। इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। जांच में पता चला कि घटना वाले दिन महिला की लगातार बातचीत संदीप पुत्र कुबेर पटेल (32), निवासी बेलदान जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) से हो रही थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बांदा जाकर संदीप को हिरासत में लिया। शराब पिलाकर पत्थर से की हत्या
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी संदीप ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि वह और मृतक गुजरात में साथ काम करते थे। इस दौरान उसका मृतक की पत्नी से भी संपर्क हो गया था, जिस पर मृतक को आपत्ति थी। इसी कारण उसने महिला के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने बताया कि वह 3 मार्च को गुजरात से निकला और 4 मार्च को यहां पहुंचा। शाम को उसने कौशलेन्द्र को शराब पिलाने के बहाने नदी किनारे ले जाकर सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घसीटकर नदी में फेंक दिया और रात में ही वापस बांदा लौट गया। वारदात के बाद आरोपी ने फोन पर मृतक की पत्नी को घटना की जानकारी दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और खून से सना पत्थर भी बरामद किया गया है।
Source link