भिंंड के बरैठा टोलप्लाजा पर कर्मचारियों से मारपीट: बिना टोल दिए बैरियर खुलवाने का बना रहे थे दबाव, रिश्तेदारी के कारण हुआ समझौता – Bhind News

भिंंड के बरैठा टोलप्लाजा पर कर्मचारियों से मारपीट:  बिना टोल दिए बैरियर खुलवाने का बना रहे थे दबाव, रिश्तेदारी के कारण हुआ समझौता – Bhind News




भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 स्थित बरैठा टोल प्लाजा पर टोल टैक्स मांगने को लेकर विवाद हो गया। स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन से अधिक युवकों ने टोल कर्मचारियों से मारपीट कर दी। घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मारपीट के बाद कर्मचारी शिकायत लेकर महाराजपुरा थाने पहुंचे, लेकिन दोनों पक्षों में रिश्तेदारी होने के कारण मामला आपसी समझौते में सुलझ गया। जानकारी के अनुसार एक लग्जरी स्कॉर्पियो वाहन में सवार कुछ युवक ग्वालियर की ओर जा रहे थे। जब उनका वाहन बरैठा टोल प्लाजा पर पहुंचा तो टोल कर्मचारियों ने नियमानुसार टोल टैक्स मांगा। इस पर वाहन सवार युवकों ने बिना टोल दिए ही बैरियर खोलने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने जब नियम का हवाला देते हुए टोल चुकाने के लिए कहा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने टोल कर्मचारी आनंद सिंह सहित अन्य कर्मचारियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान टोल प्लाजा परिसर में जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मारपीट के बाद टोल कर्मचारी आनंद सिंह शिकायत दर्ज कराने महाराजपुरा थाने पहुंचे। कुछ देर बाद वाहन सवार युवक भी थाने पहुंच गए। थाने में बातचीत के दौरान पता चला कि दोनों पक्षों के बीच आपसी रिश्तेदारी है। इसके बाद बातचीत के जरिए मामला शांत करा दिया गया और दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। टोल प्रबंधन ने कही यह बात टोल प्लाजा के मैनेजर अमित सिंह राठौड़ ने बताया कि टोल कर्मचारियों और वाहन सवार युवकों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, इसलिए पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। उन्होंने बताया कि युवक बिना टोल दिए बैरियर खुलवाने का दबाव बना रहे थे, जिससे विवाद की स्थिति बन गई थी।



Source link