मुरैना जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बांसी पुलिया मोड़ के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में ग्रामीण और मजदूर सवार थे, जो सरसों की फसल काटने के लिए खेत जा रहे थे। हादसे में कुल 12 लोग घायल हो गए, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार बागचीनी जाने वाले रास्ते पर बांसी पुलिया मोड़ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में बैठे मजदूर और ग्रामीण नीचे गिर गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सरसों काटने खेत जा रहे थे सभी
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में सवार सभी लोग मुरैना जिले के रहने वाले हैं। वे बांसी गांव निवासी विनोद के खेत में खड़ी सरसों की फसल काटने जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे में रामेश्वर पुत्र लालाराम, शकुंतला पत्नी मुरारी, रमा पत्नी रामेश्वर, कुशमा पत्नी मोहर सिंह, विजेंद्र पुत्र विनोद, लालो, आरती पुत्री रामलखन, कमला और बबीता पत्नी रामस्वरूप सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बागचीनी थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से यह हादसा हुआ है। हादसे में किसी की जान नहीं गई है। सभी घायल सुरक्षित हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
Source link