Last Updated:
virat kohli reactions after team india wins wc: टीम इंडिया की ऐतिहासिक खिताबी जीत पर ‘किंग’ विराट कोहली ने दिल जीतने वाला संदेश साझा किया है. अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराने के बाद कोहली ने भारतीय टीम के ‘विस्फोटक क्रिकेट’ की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में भारत का कोई मुकाबला नहीं था और मुश्किल हालातों में खिलाड़ियों ने जबरदस्त जज्बा दिखाया. कोहली ने सभी खिलाड़ियों और मैनेजमेंट को इस महाविजय की बधाई देते हुए ‘जय हिंद’ के साथ टीम को सलाम किया.
विराट कोहली ने बंद दरवाजे से टीम इंडिया के लिए लिखा बधाई संदेश.
नई दिल्ली. भारत की तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत के बाद जहां पूरा देश जश्न में डूबा है, वहीं ‘किंग’ विराट कोहली के एक संदेश ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराने के बाद कोहली ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए एक बेहद भावुक और आक्रामक पोस्ट साझा की. सूर्यकुमार यादव की टीम ने भारतीय क्रिकेट का एक और स्वर्णिम अध्याय लिखते हुए रविवार को न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत को तीसरी बार टी20 विश्व कप दिलाया जिसमें संजू सैमसन की भूमिका अहम रही तो जसप्रीत बुमराह के योगदान को भी याद रखा जाएगा. भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली मेंस क्रिकेट टीम बनी.
विराट कोहली (Virat Kohli) ने भारतीय टीम के प्रदर्शन को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि पूरे टूर्नामेंट में भारत ने जिस विस्फोटक अंदाज में क्रिकेट खेला, उसका दुनिया में कोई मुकाबला नहीं था. उन्होंने लिखा, ‘अहमदाबाद में टीम इंडिया की शानदार जीत. पूरे टूर्नामेंट में हमारे द्वारा खेली गई विस्फोटक क्रिकेट का कोई जवाब नहीं है.’ कोहली का यह बयान संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जैसे युवाओं के आक्रामक रवैये पर मुहर लगाता है. फाइनल को देखने के लिए एक ओर जहां महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा सहित कपिल देव मैदान पर मौजूद थे वहीं कोहली ने लंदन में बंद कमरे से भारतीय टीम को बधाई संदेश लिखा.
विराट कोहली ने बंद दरवाजे से टीम इंडिया के लिए लिखा बधाई संदेश.
मैनेजमेंट और खिलाड़ियों की थपथपाई पीठ
विराट ने टीम के ‘कैरेक्टर’ की तारीफ करते हुए कहा कि लड़कों ने मुश्किल परिस्थितियों में हार नहीं मानी और एक बार फिर विश्व विजेता बनकर उभरे. उन्होंने सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और अंत में ‘जय हिंद’ लिखकर करोड़ों भारतीयों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया. कोहली का यह संदेश साफ करता है कि भले ही वह मैदान पर हों या बाहर, भारतीय क्रिकेट की सफलता उनके लिए सबसे ऊपर है. संजू सैमसन द्वारा उनका रिकॉर्ड तोड़ने के बाद कोहली की यह सराहना खेल भावना की सबसे बड़ी मिसाल है.
भारत बना वर्ल्ड चैंपियन
बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच और संजू को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड
संजू सैमसन ने 46 गेंद में 89 और अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद में 52 रन बनाकर भारत को पावरप्ले में ही 98 रन तक पहुंचाते हुए जीत की नींव रख दी थी. भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर पांच विकेट पर 255 रन बनाए. बुमराह ने फाइनल में चार विकेट लिए.उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया जबकि संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड दिया गया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें