Last Updated:
ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध संघर्ष के कारण आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने आई वेस्टइंडीज की टीम 1 मार्च से कोलकाता में फंसी हुई है. एयर स्पेस बंद होने के कारण आखिरी मौके पर टीम के ट्रैवल प्लान को बदलना पड़ा, जिसके कारण साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम को भी दिक्कत हुई है, लेकिन अब ये दोनों टीमें मंगलवार को अपने घर के लिए रवाना होंगी.
वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीम
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 खत्म हो चुका है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइलन में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया. इस तरह भारतीय टीम रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 में विश्व चैंपियन बनी, लेकिन हैरानी की बात ये है कि खिताबी मुकाबले से बाहर हो चुकी साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम अभी तक भारत में ही क्यों रुकी हुई है.
वेस्टइंडीज की टीम 1 मार्च को हुए सुपर-8 मैच के बाद से ही कोलकाता में है, जबकि साउथ अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 4 मार्च को मिली हार के बाद से ही यहां पर रुकी हुई है. हालांकि, अब खबर ये आई है कि वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीम मंगलवार को भारत से स्वदेश के लिए रवाना होंगी.
ईरान-अमेरिका के बीच संघर्ष के कारण हुई देरी
बता दें कि ये दोनों टीमें ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के कारण यात्रा पर लगी पाबंदियों की वजह से टी20 विश्व कप में अपना अभियान खत्म करने के बाद यहां फंस गई थीं. पता चला है कि सिर्फ वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी के आज रात सिंगापुर के रास्ते रवाना होने की उम्मीद है, जबकि बाकी टीम मंगलवार को विशेष विमान से रवाना होगी.
साउथ अफ्रीका की टीम कोलकाता से जोहानिसबर्ग के लिए रवाना होगी. साउथ अफ्रीका के तीन खिलाड़ी केशव महाराज, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ पहले ही बायलेटरल सीरीज के लिए न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो चुके हैं, जिसमें 15 मार्च से शुरू होने वाले पांच टी20 शामिल हैं. यात्रा योजना में बदलाव इसलिए हुआ क्योंकि ईरान पर हमले के बाद पिश्चम एशिया में एयरस्पेस बंद हो गए थे.
खिलाड़ियों ने जताई अपनी नाराजगी
घर वापसी में देरी के कारण वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी ने सोशल मीडिया पर हैंडल पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी. इसके अलावा साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक और डेविड मिलर ने भी आईसीसी पर अपना गुस्सा निकाला. दरअसल इन टीमों के खिलाड़ियों की नाराजगी इस वजह से थी कि इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल से बाहर होते ही लंदन के लिए रवाना हो गई थी. आईसीसी ने इंग्लैंड के लिए विषेश चार्टर विमान की व्यवस्था की थी, लेकिन साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के लिए ऐसा नहीं किया गया.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें