दतिया में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च निकाला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के फैसले को जनविरोधी बताते हुए बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लेने की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा के नेतृत्व में कार्यकर्ता जवाहर भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से बम-बम महादेव और पीताम्बरा चौराहे होते हुए पैदल मार्च करते हुए बम-बम महादेव मंदिर तक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और गैस सिलेंडर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अशोक दांगी बगदा ने कहा कि केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपए और कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए की बढ़ोतरी कर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले भाजपा ने गैस सिलेंडर 500 रुपए में देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद लगातार दाम बढ़ाकर जनता के साथ धोखा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई सरकार अब लोगों को लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर कर रही है।
Source link