राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 11 मार्च 2026 को दिल्ली में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में छतरपुर जिले की तीन महिला सरपंचों को आमंत्रित किया गया है। ये जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में अपनी पंचायतों में किए गए विकास कार्यों और महिला सशक्तिकरण से जुड़े अनुभवों को साझा करेंगी। इस समारोह में ग्राम पंचायत ईशानगर की सरपंच निधि मिश्रा, ग्राम पंचायत गोरा की ज्योति मिश्रा और ग्राम पंचायत बरद्वाहा की सरपंच कविता यादव शामिल होंगी। तीनों सरपंच अपने-अपने गांवों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी देशभर से आए प्रतिनिधियों के सामने पेश करेंगी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत बड़ामलहरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ईश्वर सिंह वर्मा भी सहभागिता करेंगे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नमः शिवाय अरजरिया ने इस उपलब्धि पर तीनों महिला सरपंचों को बधाई देते हुए इसे पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बताया। समानता को मजबूत करने के लिए पहल हो रही
उन्होंने बताया कि छतरपुर जिले की 15 ग्राम पंचायतों को महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत के रूप में चिन्हित किया गया है। इन पंचायतों में महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने, बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और लैंगिक समानता को मजबूत करने के लिए विशेष पहल की जा रही है। जिला प्रशासन का कहना है कि इन प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है। दिल्ली में होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में छतरपुर की महिला सरपंचों की भागीदारी से जिले के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है। छतरपुर के एडीएम नमः शिवाय ने कहा, “छतरपुर जिले की पंचायतों में महिला सशक्तिकरण के लिए कई पहल की गई हैं। राष्ट्रीय मंच पर हमारे जिले की महिला सरपंच अपने अनुभव साझा करेंगी, यह जिले के लिए गौरव की बात है।”
Source link