Last Updated:
West Indies South African teams return home delayed: वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम की घर वापसी में एक बार फिर से देरी हो गई है. ये दोनों टीमें अभी भी कोलकाता में हैं. दोनों टीमों के खिलाड़ी मंगलवार को एक चार्टर प्लेन से यात्रा करने वाले थे, लेकिन अंतिम समय में उड़ान को रद्द कर दिया गया.
साउथ अफ्रीका-वेस्टइंडीज की टीम की चार्टर उड़ान हुई रद्द
कोलकाता: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 की हिस्सा रही टीम वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका अब अपने देश वापस नहीं लौट पाई है. इन दोनों टीमों को मंगलवार को एक चार्टर प्लेन से रवाना होना था, लेकिन आखिरी वक्त पर यात्रा रद्द कर दी गई. ऐसे में अब खिलाड़ियों के लिए आईसीसी ने अलग-अलग व्यावसायिक उड़ानों में बुकिंग की है.
इस मामले की जानकारी रखने वाले आईसीसी के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के सभी खिलाड़ियों की अलग-अलग व्यावसायिक विमान कंपनियों की उड़ान में बुकिंग की गई है. सभी की बुकिंग एक ही उड़ान में नहीं हो सकती, लेकिन आईसीसी ने व्यक्तिगत बुकिंग का ध्यान रखा है. आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने खुद बात की है और खिलाड़ियों को सुरक्षित स्वदेश वापसी का भरोसा दिलाया है.’’
सोमवार को डैरेन सैमी हुए रवाना
सूत्र ने कहा, ‘‘यह बताना जरूरी है कि डेरेन सैमी सोमवार रात को स्वदेश के लिए रवाना हो चुके हैं.’’ कोलकाता में अपने आखिरी मैच खेलने वाली दो टीम (वेस्टइंडीज ने एक मार्च को सुपर आठ मुकाबला और साउथ अफ्रीका ने चार मार्च को सेमीफाइनल) ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में अंतरराष्ट्रीय वायु क्षेत्र पर लगी पाबंदियों रोक की वजह से उड़ान नहीं भर पाई हैं.
इस स्थिति ने कई विमान कंपनियों को खाड़ी क्षेत्र के रास्ते जाने से बचने पर मजबूर कर दिया है. आईसीसी की साझेदार विमान कंपनी एमिरेट्स है और दुबई में वायु क्षेत्र बंद होने की वजह से वे अपनी उड़ानों का संचालन नहीं कर पा रहे हैं. इन पाबंदियों की वजह से भारत से कैरेबिया और अफ्रीका की ओर की यात्रा बहुत मुश्किल हो गई जिससे क्रिकेट अधिकारियों को दूसरे रास्ते और चार्टर्ड इंतजामों पर गौर करना पड़ा.
चार्टर प्लेन से जाने वाले थे खिलाड़ी
इससे पहले साझा की गई एक जानकारी के अनुसार दोनों टीम को मंगलवार दोपहर को कोलकाता से एक साझा चार्टर्ड उड़ान में जोहानिसबर्ग निकलना था. वहां से वेस्टइंडीज की टीम को एंटीगा जाना था. हालांकि बंगाल क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि कुछ दिक्कतों की वजह से उड़ान को तय समय से कुछ घंटे पहले रद्द कर दिया गया. वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीम को भेजे गए संदेश में कहा गया, ‘‘मंगलवार दोपहर की ताजा जानकारी के मुताबिक ‘चार्टर्ड उड़ान रद्द कर दी गई है और इस बारे में कोई और जानकारी नहीं मिली है.’’
स्थानीय अधिकारी ने बताया, ‘‘लॉजिस्टिक से जुड़ी दिक्कतों की वजह से शायद चार्टर्ड उड़ान आखिरी मिनट में रद्द हो गई होगी.’’ वेस्टइंडीज की टीम एक मार्च से कोलकाता में फंसी हुई है जब भारत ने उन्हें ईडन गार्डन्स में सुपर आठ मैच में पांच विकेट से हराकर टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया था. साउथ अफ्रीका का अभियान कुछ दिन बाद खत्म हो गया था जब वे चार मार्च को ईडन गार्डन्स पर ही पहले सेमीफाइनल में आखिर में उप विजेता रहे न्यूजीलैंड से हार गए थे.
दोनों टीमों को मिलाकर 34 सदस्य को है घर वापसी का इंतजार
इस खबर के समय वेस्टइंडीज के लगभग 12 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के 10 सदस्य भारत में ही हैं जबकि साउथ अफ्रीका टीम में 12 खिलाड़ी और दो सहयोगी स्टाफ के सदस्य हैं. वेस्टइंडीज के मुख्य कोच सैमी ने इससे पहले देरी पर सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी. उन्होंने पोस्ट किया था, ‘‘बस घर जाना चाहता हूं.’’ अगामी प्रतिबद्धताओं की वजह से साउथ अफ्रीका के कुछ खिलाड़ी पहले ही भारत से रवाना हो चुके थे. केशव महाराज, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ 15 मार्च से न्यूजीलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए रवाना हो चुके हैं.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें