कटनी जिले के बड़वारा तहसील क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन के ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावों के बावजूद, यहां छोटी महानदी की मोहरा खदान से बड़े पैमाने पर अवैध खनन जारी है। स्थानीय ग्रामीणों ने बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह और पुलिस प्रशासन पर अवैध खनन को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। ग्रामीण सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि श्रीवास और सरपंच विकास पाल लंबे समय से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से रेत का अवैध कारोबार कर रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि ये दोनों व्यक्ति विधायक के करीबी हैं और उनके नाम का इस्तेमाल कर अवैध खनन किया जा रहा है। आरोप है कि पुलिस प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि अवैध उत्खनन की सूचना देने पर बड़वारा पुलिस कार्रवाई करने के बजाय रेत माफिया को सतर्क कर देती है। नदी के किनारों पर दिन-रात दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां रेत का परिवहन करती देखी जा सकती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस व्यापक अवैध कारोबार के बावजूद, बड़वारा पुलिस केवल एक-दो ट्रैक्टरों पर दिखावटी कार्रवाई कर मामले को शांत कर देती है, जबकि जमीनी स्तर पर अवैध खनन लगातार जारी है। पूरे सिंडिकेट की जानकारी कलेक्टर को दी ग्रामीण सुरेंद्र चौधरी ने इस पूरे सिंडिकेट और अवैध कारोबार की लिखित शिकायत कलेक्टर से की है। उन्होंने जिला प्रशासन से बिना किसी राजनीतिक दबाव के अवैध खनन पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। अधिकारी कर रहे जांच की बात बड़वारा के अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद चतुर्वेदी का कहना है कि अभी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, जैसे ही शिकायत मिलेगी, वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी आरके दीक्षित ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। क्षेत्रीय खनिज निरीक्षक को भेजकर जांच कराई जाएगी और अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link