मंडला जिले की बालई नदी में डूबे मजदूर का शव करीब 48 घंटे की मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया है। बुधवार शाम को नदी में शव तैरता हुआ मिला, जिसे पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला। घटना 9 मार्च की दोपहर की है, जब नागपुर निवासी 28 वर्षीय सुभाष भलावी नारायणगंज के पास नेशनल हाईवे-30 पर बने पुल के नीचे नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सुभाष यहां एक ठेकेदार के पास सड़क निर्माण के काम में मजदूरी करता था। दो दिनों तक चला सर्च ऑपरेशन हादसे की खबर मिलते ही टिकरिया पुलिस और एसडीईआरएफ (SDERF) की टीम मौके पर पहुंची थी। सोमवार और मंगलवार को दिनभर गोताखोरों ने नदी की खाक छानी, लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चला। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस को नदी में शव दिखाई दिया, जिसे तुरंत बाहर निकालकर नारायणगंज अस्पताल भेजा गया। परिजन को दी गई सूचना टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने बताया कि मृतक के परिवार को जानकारी दे दी गई है। सुभाष के भाई और अन्य रिश्तेदार नारायणगंज पहुंच चुके हैं। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।
Source link