निवाड़ी जिले में प्रशासन ने तिगेला फोर लेन पर बुधवार को कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटा दिया। शासकीय भूमि पर किए गए कब्जे को बुलडोजर चलाकर मुक्त कराया गया। जानकारी के अनुसार, विक्रांत सिंह भदौरिया द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। यह जमीन खसरा नंबर 2026 पर स्थित थी और लगभग 65 बाय 80 वर्ग फीट क्षेत्र में एक दीवार बनाकर कब्जा किया गया था। फोर लेन के पास होने के कारण यह भूमि महत्वपूर्ण मानी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन बुलाई गई और अवैध रूप से बनाई गई दीवार को गिरा दिया गया। कुछ ही देर में पूरी दीवार ढहा दी गई और जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया। प्रशासन का कहना है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जहां भी अतिक्रमण मिलेगा, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि फोर लेन और मुख्य मार्गों के आसपास कई जगहों पर धीरे-धीरे अतिक्रमण बढ़ रहा था। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Source link