Last Updated:
Who is Nahid Rana: बांग्लादेश के युवा सनसनी नाहिद राणा ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में अपनी आग उगलती गेंदों से कोहराम मचा दिया. अपनी तूफानी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ के दम पर राणा ने पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह ध्वस्त करते हुए 5 अहम विकेट चटकाए. उनके शिकार बने बल्लेबाजों में मोहम्मद रिजवान का बड़ा विकेट भी शामिल था. नाहिद ने अपने पहले ओवर में साहिबजादा फरहान को आउट किया जबकि दूसरे ओवर में हुसैन को वहीं तीसरे में माज को जबकि चौथे में रिजवान को पवेलियन भेजा. पाकिस्तान की पूरी टीम 30.4 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई.
नाहिद राणा ने ढाका वनडे में 5 विकेट लेकर हाहाकर मचा दिया.
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर जब रफ्तार और प्रतिभा का संगम होता है, तो नाहिद राणा जैसा प्रदर्शन देखने को मिलता है. पाकिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में बांग्लादेश के इस युवा तेज गेंदबाज ने अपनी गेंदबाजी से ‘हाहाकार’ मचा दिया. नाहिद ने अपनी स्पीड से पाकिस्तानी बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.उन्होंने पाकिस्तान के टॉप के 5 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई. इस स्पैल का सबसे अहम विकेट स्टार बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान का रहा, जिन्हें राणा ने अपनी सूझबूझ से चकमा दिया. 5 विकेट हॉल लेकर नाहिद ने न केवल पाकिस्तान को सस्ते में ढेर किया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि वे आने वाले समय में दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बनने वाले हैं.
23 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नाहिद राणा (Nahid Rana) ने अपने छठे वनडे में डेब्यूटेंट ओपनर साहिबजादा फरहान को सबसे पहले आउट किया.उन्होंने इस विस्फोटक ओपनर को आफिफ हुसैन के हाथों कैच कराया.फरहान 38 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए जिसमें 4 चौके शामिल थे. फरहान जब आउट हुए तब पाकिस्तान का कुल स्कोर 41 रन था.नाहिद ने अपना दूसरा शिकार शामल हुसैन को किया जिन्हें 4 के निजी स्कोर पर लिटन दास ने लपका. अंडर 19 के स्टार माज सदाकत को 18 रन के निजी स्कोर पर राणा ने पवेलियन भेजकर अपना तीसरा शिकार पूरा किया. विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को राणा ने लिटन के हाथों कैच कर अपना चौथा शिकार पूरा किया वहीं सलमान आगा को पांच रन पर पवेलियन भेजकर राणा ने अपना पंजा खोला. राणा ने इस मैच में 7 ओवर में 24 रन देकर 5 विकेट चटकाए. कप्तान मेहदी हसन मिराज ने 3 विकेट लिए.
नाहिद राणा ने ढाका वनडे में 5 विकेट लेकर हाहाकर मचा दिया.
पाकिस्तान 114 रन पर ढेर
पाकिस्तान की टीम पहले वनडे में 114 रन पर ढेर हो गई.30.4 ओवर में शाहीन अफरीदी की कप्तानी वाली टीम पवेलियन लौट गई. पाकिस्तान की ओर से फहीम अशरफ ने सबसे अधिक 37 रन बनाए.
कौन हैं नाहिद राणा
2 अक्टूबर 2002 को जन्मे युवा सनसनी नाहिद राणा इस समय विश्व क्रिकेट में अपनी तूफानी रफ्तार के कारण चर्चा का केंद्र बने हुए हैं. 150 km/h से अधिक की गति छूने की क्षमता रखने वाले राणा लगातार 145 km/h की रफ्तार से ‘थंडरबोल्ट्स’ फेंकने के लिए जाने जाते हैं. दिलचस्प बात यह है कि राणा ने उम्र-दराज क्रिकेट के पारंपरिक रास्ते के बजाय सीधे अपनी काबिलियत के दम पर नेशनल टीम में जगह बनाई. 2024 के चेन्नई टेस्ट में भारत के खिलाफ उन्होंने यशस्वी जायसवाल को 148 km/h की गेंद पर आउट कर अपनी धमक दिखाई थी.
5 विकेट लेने वाले पहले बांग्लादेशी गेंदबाज बने राणा
पाकिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनने के कप्तान मेहदी हसन मिराज के फैसले को नाहिद राणा ने सही साबित किया. इस गेंदबाज ने अपनी अतिरिक्त उछाल और 145+ km/h की रफ्तार से पाकिस्तानी टॉप ऑर्डर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. नाहिद ने साहिबजादा फरहान, मोहम्मद रिजवान और सलमान आगा जैसे दिग्गजों सहित कुल 5 विकेट झटककर ‘पंजा’ खोला. इस उपलब्धि के साथ ही वे घरेलू सरजमीं पर पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में 5 विकेट लेने वाले पहले बांग्लादेशी गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने महमूदुल्लाह (3/4) के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए पाकिस्तान के खिलाफ घर में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े दर्ज किए.
नाहिद राणा का क्रिकेट करियर
लंबे कद के नाहिद राणा 10 टेस्ट और 1 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं. इस मैच से पहले वह 5 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 5 विकेट ले चुके थे जबकि टेस्ट में उनकी विकेटों की संख्या 27 है. टी20 में राणा 2 विकेट ले चुके हैं. फर्स्ट क्लास के 29 मैचों में राणा के नाम 101 विकेट दर्ज हैं.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें