Last Updated:
Khargone Summer Weather Report: विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में इस तरह अचानक गर्मी बढ़ने से लोगों को अपने स्वास्थ्य का खास ध्यान रखना चाहिए. गर्मी के दिनों में खानपान में बदलाव करना जरूरी होता है. अगर सावधानी नहीं रखी तो कई तरह की बीमारियां बढ़ सकती हैं. इस बार गर्मी कहर ढाएगी.
Khargone News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में मार्च के दूसरे सप्ताह में ही तेज गर्मी का असर दिखने लगा है. दोपहर के समय सड़कें काफी हद तक खाली नजर आ रही हैं. लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं. धूप से बचने के लिए लोग सिर और मुंह पर गमछा बांध रहे हैं, टोपी पहन रहे हैं और महिलाएं स्कार्फ का इस्तेमाल कर रही हैं. वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी जिले में दिन का तापमान 37 डिग्री के करीब दर्ज किया गया. वहीं, रात का तापमान 18-19 डिग्री के आसपास बना है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है. ऐसे में गर्मी का असर और ज्यादा देखने को मिल सकता है.
बता दें कि निमाड़ क्षेत्र का खरगोन देश से सबसे गर्म जिलों में से एक है. यहां अप्रैल और मई में तापमान अक्सर 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है. तेज गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है. इसलिए हर साल गर्मियों में स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट रहता है. इस साल मार्च के महीने में ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है. 8 मार्च को जिले में दिन का का तापमान बीते 5 वर्ष में सबसे ज्यादा 36.4 डिग्री सेल्सियस के दर्ज किया गया था. यह पिछले पांच साल के मार्च महीने का रिकॉर्ड माना जा रहा है. इसके बाद सिर्फ दो दिन से तापमान इसी के आसपास बन हुआ है.
गर्मी में स्वास्थ्य का रखें खास ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में इस तरह अचानक गर्मी बढ़ने से लोगों को अपने स्वास्थ्य का खास ध्यान रखना चाहिए. गर्मी में खानपान में बदलाव करना जरूरी होता है. अगर सावधानी नहीं रखी तो कई तरह की बीमारियां बढ़ सकती हैं. गर्मी में पानी की कमी, पेट की परेशानी, उल्टी-दस्त, त्वचा से जुड़ी समस्याएं और कमजोरी जैसी दिक्कतें ज्यादा देखने को मिलती हैं. खासकर छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत होती है. डॉक्टरों का कहना है कि बिना जरूरी काम के तेज धूप में बाहर नहीं निकलना चाहिए.
गर्मी में खानपान का रखें ध्यान
खरगोन के हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. संतोष मौर्य (एमडी) ने बताया कि जिले में हर साल गर्मी ज्यादा पड़ती है. अभी गर्मी की शुरुआत ही हुई है और तापमान बढ़ने लगा है. ऐसे में लोगों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. डॉक्टरों के अनुसार गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी नहीं होने देना चाहिए. दिनभर में ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए. इसके साथ ही तरबूज, खीरा और अन्य मौसमी फलों का सेवन करना फायदेमंद रहता है. इससे शरीर को ठंडक मिलती है और डिहाइड्रेशन से बचाव होता है.
धूप से बचाव के लिए जरूरी उपाय
डॉ. मौर्य के अनुसार, अगर तेज धूप में बाहर जाना पड़े तो सिर और चेहरे को ढककर निकलना चाहिए. पुरुष गमछा या टोपी का इस्तेमाल करें और महिलाएं स्कार्फ बांधें. इसके साथ ही हाथों में ग्लब्ज और पैरों में मोजे पहनना भी फायदेमंद रहता है. उन्होंने बताया कि आंखों की सुरक्षा के लिए धूप का चश्मा पहनना भी जरूरी है. इससे तेज धूप का असर कम होता है. साथ ही बाहर की खुली चीजें और सड़क किनारे मिलने वाले खाने से भी बचना चाहिए, क्योंकि गर्मी में ये जल्दी खराब हो सकते हैं.
बच्चे और गर्भवती क्या करें?
डॉक्टरों का कहना है कि छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को इस मौसम में विशेष सावधानी रखने की जरूरत होती है. गर्भवती महिलाओं को बाहर का खाना और दूषित पानी पीने से बचना चाहिए. इससे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है. छोटे बच्चों को भी तेज धूप से बचाकर रखना चाहिए. अगर बच्चों को बाहर लेकर जाना पड़े तो उन्हें ज्यादा देर धूप में नहीं रखना चाहिए. डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बच्चों को धूप में बैठकर खाना नहीं खिलाना चाहिए. अगर धूप से घर लौटें तो पहले कुछ देर छांव में बैठने दें, उसके बाद ही उन्हें कुछ खिलाएं या पिलाएं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें