Last Updated:
Pakistan Cricket Team T20 World Cup 2026: पाकिस्तान क्रिकेट टीम भले ही टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में क्वालीफाई नहीं कर पाया, लेकिन फिर भी उसे आईसीसी से चार करोड़ 80 लाख रुपये मिले. लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी भारतीय टीम के खाते में लगभग 25 करोड़ रुपये आए. इससे पहले पीसीबी ने अपने खिलाड़ियों पर 50-50 लाख का जुर्माना ठोका था.
सलमान अली आगा
दुबई: दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आठ मार्च की रात भारत की ऐतिहासिक जीत के साथ ही टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का अंत हुआ. टीम इंडिया ने कुल तीसरी और लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की. वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने रिकॉर्ड 1.125 करोड़ अमेरिकी डॉलर की घोषणा की. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में चैंपियन बनी टीम को सबसे ज्यादा 2,639,423 डॉलर (लगभग 25 करोड़ रुपये) मिले. फाइनल में हारने वाली न्यूजीलैंड की टीम के खाते में 14,22,692 अमेरिकी डॉलर (लगभग 13 करोड़ रुपये) आए.
पाकिस्तान को कितने पैसे मिले?
सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड को क्रमशः लगभग 9.24 करोड़ रुपये और 8.96 करोड़ रुपये दिए गए. वेस्टइंडीज को 5,38,269 अमेरिकी डॉलर मिले जबकि अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने वाली पाकिस्तान टीम को 5,22,692 अमेरिकी डॉलर (4 करोड़ 80 लाख) मिले. जिम्बाब्वे को 4,91,538 अमेरिकी डॉलर और श्रीलंका को 4,75,962 अमेरिकी डॉलर दिए गए.
पीसीबी ने ठोका था 50-50 लाख का फाइन
पाकिस्तान इस वर्ल्ड कप में भी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया. टीम सेमीफाइनल तक में क्वालीफाई नहीं कर पाई. भारत से तो शर्मनाक एकतरफा हार झेलनी पड़ी. भारत के खिलाफ मैच का बायकॉट करने की धमकी दे रहे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत से हारते ही अपने प्लेयर्स पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये के फाइन ठोकने का तुगलकी फरमान सुना दिया था.
ऑस्ट्रेलिया-अमेरिका को बराबर प्राइज मनी
सुपर आठ चरण में बाहर हुई अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका की टीमों को प्रत्येक 3,09,808 अमेरिकी डॉलर मिले. स्कॉटलैंड को 2,78,654 अमेरिकी डॉलर और आयरलैंड को 2,71,731 अमेरिकी डॉलर जबकि चार अन्य टीम इटली, नीदरलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और नेपाल प्रत्येक 2,56,154 अमेरिकी डॉलर दिए गए. कनाडा, नामीबिया और ओमान प्रत्येक को 2,25,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि दी गई. आईसीसी ने कहा कि यह पुरस्कार राशि वितरण खिलाड़ियों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन बढ़ाने और सदस्य देशों में क्रिकेट के विकास को मजबूत करने के उसके लगातार प्रयासों को दर्शाता है.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें