ईरान-इजरायल युद्ध का किचन पर असर! इंडक्शन पर पक रही रोटी, बाजार में 4 गुना बढ़ी डिमांड

ईरान-इजरायल युद्ध का किचन पर असर! इंडक्शन पर पक रही रोटी, बाजार में 4 गुना बढ़ी डिमांड


Last Updated:

Gas Cylinder Alternative for Kitchen: ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध का असर अब भारत में गैस सिलेंडर की मांग पर भी दिखाई देने लगा है. सागर जिले में गैस संकट की आशंका के बीच लोग इंडक्शन चूल्हों को गैस के विकल्प के रूप में खरीद रहे हैं. इलेक्ट्रिकल्स दुकानों पर इंडक्शन की मांग तीन से चार गुना तक बढ़ गई है और कंपनियों ने इसके दाम भी बढ़ाने शुरू कर दिए हैं. सागर में रोजाना जहां 6 से 8 हजार गैस सिलेंडर की सप्लाई होती थी वहीं अब मांग 20 हजार तक पहुंच गई है. गैस संकट की आशंका के कारण लोग पहले से सिलेंडर स्टॉक करने के साथ-साथ वैकल्पिक कुकिंग विकल्प भी तलाश रहे हैं.

ख़बरें फटाफट

Induction Price Today: ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचता नजर आ रहा है. गैस, डीजल और पेट्रोल को लेकर संकट की आशंका के बीच कई जगहों पर गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हो रही है. फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक की खबरों के बीच घरेलू सिलेंडर मिलने में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में लोग अब खाना बनाने के लिए गैस के विकल्प तलाशने लगे हैं, ताकि सिलेंडर की खपत कम हो और जरूरत पड़ने पर दूसरे माध्यम से भी खाना बनाया जा सके.

इंडक्शन की डिमांड अचानक बढ़ी
गैस संकट की चर्चा शुरू होते ही बाजार में इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक बढ़ गई है. इलेक्ट्रिकल्स की दुकानों पर पिछले कुछ दिनों में इसकी डिमांड तीन से चार गुना तक बढ़ गई है. दुकानदारों का कहना है कि जैसे ही युद्ध की खबरें आईं, लोगों को अंदेशा होने लगा कि गैस की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. इसी वजह से लोग अब इंडक्शन जैसे विकल्पों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं.

दुकानदार बोले कंपनियों ने बढ़ाए दाम
सागर में पिछले 42 साल से जैन इलेक्ट्रिकल्स चलाने वाले जयकुमार जैन बताते हैं कि आमतौर पर गर्मी के मौसम में इंडक्शन की बिक्री काफी कम होती है, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल उलट हैं. उनके मुताबिक पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन की बिक्री इतनी बढ़ गई है कि कंपनियों ने इसके दाम भी बढ़ाने शुरू कर दिए हैं. इंडक्शन में इस्तेमाल होने वाले कई कंपोनेंट और पीवीसी मैटेरियल विदेश से आते हैं, जिनकी कीमत भी बढ़ गई है.

अब इंडक्शन पर रोटी भी बनने लगी
दुकानदारों का कहना है कि अब बाजार में ऐसे इंडक्शन आ गए हैं जिन पर रोटी भी आसानी से बन जाती है. रोटी सेकने के साथ-साथ पापड़ और दूसरी चीजें भी आराम से तैयार हो जाती हैं. यानी अब इंडक्शन केवल चाय या मैगी बनाने का साधन नहीं रहा, बल्कि यह लगभग हीटर की तरह काम करता है और लोग इस पर पूरा खाना भी बना रहे हैं.

कीमतों में 8 से 12% तक बढ़ोतरी
सागर के बाजार में फिलहाल इंडक्शन के करीब आठ अलग-अलग मॉडल उपलब्ध हैं. इनकी कीमत लगभग 1900 रुपये से 3400 रुपये तक है. हालांकि नया स्टॉक आने के बाद कीमतों में 8 से 12 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. यानी जो इंडक्शन अभी 1900 रुपये में मिल रहा है, वह करीब 2100 रुपये तक पहुंच सकता है, जबकि 3400 वाला मॉडल लगभग 3800 रुपये में मिलेगा.

अचानक बढ़ी गैस सिलेंडर की बुकिंग
जानकारी के मुताबिक सागर जिले में रोजाना करीब 6 से 8 हजार गैस सिलेंडर की सप्लाई होती थी. लेकिन पिछले तीन दिनों में अचानक मांग बढ़कर करीब 20 हजार सिलेंडर तक पहुंच गई है. जैसे ही गैस संकट की खबरें सामने आईं, लोगों ने ज्यादा से ज्यादा सिलेंडर बुक करना शुरू कर दिया. कई लोग भविष्य की चिंता में पहले से सिलेंडर घर में रखने की कोशिश कर रहे हैं ताकि आने वाले समय में परेशानी का सामना न करना पड़े.

About the Author

Shweta Singh

Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें



Source link