टीकमगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र में आने वाले राधापुर गांव में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। 28 साल के बहादुर लोधी पर दो अनजान बाइक सवारों ने उस समय हमला किया, जब वह मेला देखने जा रहा था। हमला इतना खतरनाक था कि चाकू युवक की गर्दन के पास ही धंस गया। बहादुर लोधी ने पुलिस को बताया कि वह पैदल ही मेला देखने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में बाइक से आए दो लोगों ने उसे रोका और अचानक चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गर्दन में चाकू लगा देख आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। अस्पताल में भर्ती, पुलिस कर रही तलाश राहगीरों ने फौरन डायल 112 को फोन किया। पुलिस की मदद से बहादुर को उसी हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया है। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती रखा गया है। जांच में जुटी पुलिस एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि जल्द से जल्द हमलावरों का पता लगाया जा सके।
Source link