नई दिल्ली में राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंचायती राज मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में छतरपुर जिले की दो महिला सरपंचों ने भाग लिया। इस दौरान डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में ‘सशक्त पंचायत नेत्री अभियान’ का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह और केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल ने अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मेलन में छतरपुर जिले की ग्राम पंचायत ईशानगर की सरपंच निधि मिश्रा और ग्राम पंचायत गोरा की सरपंच ज्योति मिश्रा शामिल हुईं। उनके साथ जनपद पंचायत बड़ामलहरा के सीईओ ईश्वर सिंह वर्मा भी उपस्थित रहे। महिला सरपंचों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान महिला सरपंचों को सम्मानित किया गया। साथ ही महिला और बालिका हितैषी पंचायतों में किए गए कार्यों और गांवों में आए बदलावों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। महिला सरपंचों ने अपनी पंचायतों में महिलाओं और बालिकाओं के लिए किए गए कार्यों, चुनौतियों और अनुभवों को भी साझा किया। यह सम्मेलन पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार, मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान और संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। सम्मेलन का उद्देश्य पंचायतों में महिला नेतृत्व को मजबूत करना और ग्राम पंचायतों को महिला व बालिका हितैषी बनाना है। पैनल चर्चा में रखे गए विचार
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से जमीनी स्तर पर लोकतंत्र मजबूत होता है और विकास कार्यों में पानी, पोषण, स्वच्छता और शिक्षा जैसे मुद्दों को अधिक प्राथमिकता मिलती है। इस दौरान महिला नेतृत्व को मजबूत करने और पंचायतों के विकास को लेकर पैनल चर्चा भी आयोजित की गई।
Source link