नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र के कुम्हड़ाखेड़ा गांव में एक किराना दुकानदार से मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को पुलिस ने आरोपियों का गांव में जुलूस निकाला और उनसे उसी दुकानदार के सामने उठक-बैठक भी लगवाई। जानकारी के अनुसार, कुम्हड़ाखेड़ा निवासी राकेश नेमा की अक्षय किराना भंडार नाम से दुकान है। सोमवार रात कुछ युवक दुकान पर पहुंचे थे। राजश्री लेने के बाद पैसे देने को लेकर उनका दुकानदार से विवाद हो गया। आरोप है कि पैसे मांगने पर युवकों ने दुकान में घुसकर राकेश नेमा के साथ मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ भी कर दी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था। पीड़ित राकेश नेमा की शिकायत पर गोटेगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद गुरुवार को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनको दबोचा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत पिता वीरन सिंह मेहरा (30 वर्ष), अभिषेक पिता राम प्रसाद मेहरा (25 वर्ष) और लक्ष्मण पिता रमेश पटेल (27 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी कुम्हड़ाखेड़ा, थाना गोटेगांव के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गांव में जुलूस निकालते हुए सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक लगवाई। उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Source link