पहले घरवाले, फिर पड़ोसी परेशान, जब टैलेंट पता चला तो सब हैरान! कमाल आवाज निकालता है बच्चा

पहले घरवाले, फिर पड़ोसी परेशान, जब टैलेंट पता चला तो सब हैरान! कमाल आवाज निकालता है बच्चा


Last Updated:

Child Amazing Talent: छतरपुर के एक बच्चे का वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है. ये बच्चा जानवरों की गजब आवाज निकालता है. पहले तो घरवाले, फिर पड़ोसियों को खूब परेशान किया, लेकिन जब इसका टैलेंट सबको पता चला तो बच्चा फेमस हो गया. आप भी देखें…

Chhatarpur News: बचपन में बच्चे तमाम तरह की बदमाशियां करते हैं. उनकी कुछ शरारतें परेशान कर देती हैं, तो कुछ घरवालों को गुदगुदाती हैं. लेकिन, छतरपुर में एक बच्चे की शरारत टैलेंट बन गई. अब वह पूरे इलाके में लोकप्रिय हो गया है. लखन तिवारी महज 8 साल का है. वह कुत्ते के बच्चे (पिल्ले) की आवाज निकालते हैं. लखन द्वारा निकाली गई आवाज सुनकर लोग इधर-उधर कुत्ते ढूंढने लगते हैं.‌ इस आवाज को जो भी सुनता है, वह हैरान हुए बिना रह ही नहीं सकता. लखन ऐसी ही कई आवाजें निकालने का हुनर जानते हैं.

लखन अभी पहली कक्षा का छात्र है. उसको जानवरों से बहुत लगाव है. 1 महीने पहले ही घर के बगल में एक कुतिया ने बच्चों को जन्म दिया था. लखन ने बताया वह पिल्लों की की आवाज सुनता था. सुनकर उसे मजा आता था. फिर वैसे ही नकल की तो बिल्कुल पिल्लों जैसी आवाज मैं भी निकालने लगा. लखन की दादी भागवती बताती हैं, जब कुतिया ने बच्चों को जन्म दिया तो उसके बच्चे घर में घुस आते थे. लोग डंडे मारकर भगाते थे. वह कीं-कीं की आवाज निकालते थे, यहीं से यह भी सुनकर करने लगा.

आवाज निकालकर खाट के नीचे छिप जाता 
दादी बताती हैं कि हमें इसका टैलेंट तब पता चला, जब यह खाट या पलंग या कुर्सी के नीचे छिप जाता था. वहीं से कुत्ते के बच्चों की आवाज निकालता था.‌ जब हम सुनते तो पूरे घर में ढूंढते कि कुत्ते के बच्चे आखिर घुस कहां से आए? पड़ोसी भी इनको भगाने के लिए बाहर निकल आते, लेकिन मिलता कोई नहीं. हम कुछ दिन परेशान रहे, लेकिन फिर पता चला कि लखन ये आवाज निकाल रहा है. पहले तो गुस्सा आता था, लेकिन फिर इसका टैलेंट समझ आया. लखन का किसी ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में शेयर कर दिया तो लोगों ने बहुत तारीफ की. इसके बाद हमें भी लगा कि जानवरों की आवाज निकालना भी इतना आसान नहीं है.

ऐसा डांस करता है कि…
दादी बताती हैं कि लखन भले ही 8 साल का है, लेकिन हुनर अभी से दिखने लगा है. इसने पहली बार ही कुत्तों के बच्चे की आवाज सुनी थी और हूबहू वैसे ही आवाज निकालने लगा. टीवी में जो गाने सुनता है, वही गाने लगता है, पूरी कॉपी करता है. टीवी में डांस देखता है, डांस भी करता है. डांस करते समय ऐसा शरीर तोड़ता है जैसे करंट लग गया हो. गोविंदा, ऋतिक रोशन और माइकल जैक्सन की तरह डांस करता है‌.

बड़े स्कूल में पढ़ाएंगे…
लखन की माता वर्षा तिवारी गृहिणी हैं और पिता ओमप्रकाश किसान. पिता का कहना है कि वह अभी एक छोटे से कस्बे में रहते हैं. यहां स्कूल भी छोटे हैं. एक्स्ट्रा एक्टिविटीज कुछ नहीं होती हैं. घर की हालत भी अच्छी नहीं है कि शहर के बड़े स्कूल में पढ़ा पाएं, ताकि उम्र के साथ बच्चे का हुनर भी बाहर निकले. फिर भी कोशिश करेंगे कि बच्चे के इस हुनर को देखते हुए लखन को शहर के बड़े स्कूल में पढ़ाएंगे, ताकि इसका हुनर और निखरे.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link