बालाघाट के लिंगा से 23 घरेलू सिलेंडर जब्त: अधिकारियों ने गैस एजेंसी का स्टॉक जांचा; जिले में एलपीजी की कमी नहीं – Balaghat (Madhya Pradesh) News

बालाघाट के लिंगा से 23 घरेलू सिलेंडर जब्त:  अधिकारियों ने गैस एजेंसी का स्टॉक जांचा; जिले में एलपीजी की कमी नहीं – Balaghat (Madhya Pradesh) News




बालाघाट में प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग और कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। ईरान और इजराइल-अमेरिका युद्ध के बाद एलपीजी आपूर्ति पर संभावित प्रभाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। इसी क्रम में, कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर तहसीलदार मंजूला महोबिया और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पहल सिंह वलाडी ने 12 मार्च को अरिहंत गैस एजेंसी, बालाघाट के स्टॉक का सत्यापन किया। ग्राम लिंगा में साईं सीएससी सेंटर से 13 सिलेंडर और कर्मा सीएससी सेंटर से 10 सिलेंडर जब्त किए गए। यहां से जब्त किए सिलेंडर इसके अतिरिक्त, खैरलांजी तहसीलदार दुलारेलाल परते ने ग्राम नवेगांव(ख) में सुनील कुमार पिता हीरालाल नेवारे के जलपान गृह से व्यावसायिक उपयोग के लिए रखे गए एक घरेलू गैस सिलेंडर को जब्त किया। इसे हरीश भारत गैस एजेंसी को सौंप दिया गया है। शासन के निर्देशों के अनुसार, अब चिकित्सालयों और शैक्षणिक संस्थानों को छोड़कर अन्य सभी वाणिज्यिक संस्थानों, जैसे होटल, मॉल और औद्योगिक इकाइयों को बल्क तथा पैक्ड कमर्शियल गैस की आपूर्ति नहीं की जाएगी। प्रशासन ने ऐसे संस्थानों को अपनी ईंधन आवश्यकताओं के लिए वैकल्पिक स्रोतों का उपयोग करने की सलाह दी है। घरेलू उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और गैस का समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए, अब एलपीजी रिफिल की बुकिंग पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही स्वीकार की जाएगी। इस कदम से बाजार में कालाबाजारी और अनावश्यक अफरा-तफरी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जमाखोरी करने वालों और घरेलू गैस का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वे ईंधन की कमी या गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें, और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link