मंदसौर जिले के लिए गौरव का क्षण है। शहर की बेटी झील गुप्ता ने गुजरात में आयोजित सिविल जज (ज्यूडिशियल सर्विस) परीक्षा में 11वां स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे शहर में खुशी और गर्व का माहौल है। झील गुप्ता, जिला सहकारी बैंक मंदसौर शाखा के शाखा प्रबंधक राजेंद्र लक्ष्मीनारायण गुप्ता की पुत्री हैं। जैसे ही उनके चयन और रैंक की जानकारी सामने आई, परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और शहरवासियों ने उन्हें बधाइयां दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं कीं। मेहनत, अनुशासन से मिलती है सफलता
झील गुप्ता ने बताया कि इस सफलता के लिए उन्होंने लंबे समय तक लगातार मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ तैयारी की। तैयारी के दौरान कई चुनौतियां भी सामने आईं, लेकिन परिवार और शिक्षकों के सहयोग तथा अपने आत्मविश्वास से उन्होंने सभी कठिनाइयों को पार किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। झील ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने नियमित पढ़ाई, बेहतर समय प्रबंधन और विषयों को गहराई से समझने पर खास ध्यान दिया। युवाओं को संदेश देते हुए झील गुप्ता ने कहा कि जो छात्र सिविल जज बनने का सपना देखते हैं, उन्हें धैर्य, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करनी चाहिए। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीखकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है। भविष्य की योजनाओं को लेकर झील गुप्ता ने कहा कि जज के रूप में उनका लक्ष्य न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाना और आम लोगों को शीघ्र व निष्पक्ष न्याय दिलाने की दिशा में काम करना है। उनकी इस उपलब्धि पर शहर के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी शुभकामनाएं दी हैं।
Source link