अशोकनगर जिले में बीते कुछ समय से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी देखी जा रही है। सिलेंडर न मिलने के कारण शुक्रवार को शहर के लोग 4 किलोमीटर दूर कोलूआ रोड स्थित बाबा गैस एजेंसी, के गोदाम पर मढ़खेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने लाइन में लगकर सिलेंडर लिए। भीड़ को देखते हुए पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। बीते कुछ दिनों से बुक किए गए सिलेंडर गाड़ी न आने के कारण लोगों को नहीं मिल सके थे। कई उपभोक्ताओं ने मोबाइल फोन के माध्यम से बुकिंग न होने की बात की थी। हालांकि, जिला प्रशासन ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर बुक करने के लिए कुछ नंबर जारी किए हैं। एलपीजी सिलेंडर की कमी की खबरों के बीच कलेक्टर ने लोगों को आश्वस्त किया है। उन्होंने बताया कि जिले में आवश्यकतानुसार एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, जैसे सामान्य स्थिति में होता था। कलेक्टर ने किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी घरेलू उपभोक्ता को एलपीजी सिलेंडर के लिए परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने जमाखोरी या सिलेंडरों को डायवर्ट करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की चेतावनी भी दी। वर्तमान में कमर्शियल सिलेंडर भी उपलब्ध होने की बात कही गई है, और आने वाले दिनों में इनकी उपलब्धता बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने एलपीजी के अलावा अन्य संसाधनों का उपयोग करने की भी सलाह दी है। जिसमें इलेक्ट्रिकल उपकरण गोबर गैस सहित सरसों जैसी फसलों के डंठल का उपयोग कर सकते हैं।
Source link