त्योहारों की जुलूस की ड्रोन से होगी निगरानी: सीहोर में सोशल मीडिया पर गलत अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई – Sehore News

त्योहारों की जुलूस की ड्रोन से होगी निगरानी:  सीहोर में सोशल मीडिया पर गलत अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई – Sehore News




सीहोर आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागृह में सूचना संकलन कर्मचारियों की मासिक बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी थानों में सूचना संकलन कार्य में लगे कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी ने सबसे पहले सभी थाना क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद चैत्र नवरात्रि, ईद, रामनवमी, महावीर जयंती और हनुमान जयंती जैसे आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख कार्यक्रमों और आयोजनों में आवश्यकतानुसार पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आयोजकों और स्वयंसेवकों का लिया जाएगा सहयोग
एसपी ने थाना प्रभारी और बीट प्रभारी को मूर्ति स्थापना स्थलों तथा अन्य कार्यक्रम आयोजकों से चर्चा कर स्वयंसेवकों के माध्यम से व्यवस्था में सहयोग लेने के निर्देश दिए। बड़े धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के मार्गों का पहले से परीक्षण करने और आवश्यकतानुसार ड्रोन से निगरानी तथा ऊंची इमारतों पर पुलिस बल तैनात करने को कहा गया। धार्मिक स्थलों और सीसीटीवी की होगी जांच
धार्मिक और महत्वपूर्ण स्थलों का नियमित भ्रमण करने तथा वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनकी कार्यक्षमता की जांच करने के निर्देश भी दिए गए। त्योहारों के दौरान मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की जाएंगी, ताकि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा सके। अमावस्या पर्व पर नदी किनारों पर विशेष इंतजाम
अमावस्या पर्व को देखते हुए नदी किनारे वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार एसडीआरएफ और होमगार्ड की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही रस्सी, लाउड हेलर और लाइफ सेविंग जैकेट जैसे आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध रखने को कहा गया। सोशल मीडिया और अवैध गतिविधियों पर रहेगी नजर
एसपी ने अवैध गतिविधियों पर विशेष निगाह रखने और सूचना मिलते ही त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संवेदनशील मामलों में रिस्पांस टाइम पर विशेष ध्यान देने तथा सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों में लगेंगे फिक्स पॉइंट
पिछले वर्षों में विवाद वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स पॉइंट लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस वाहन, बलवा ड्रिल उपकरण, पीए सिस्टम, डंडा, जाली और टियर गैस जैसे संसाधनों की उपलब्धता और तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए गए। रुद्राक्ष वितरण कार्यक्रम को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी मंडी को क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने पर उसका तत्काल खंडन करने के लिए भी कहा गया।



Source link