पेड़ पर मां का शव, कुएं में 4 बेटियों की लाश, मातम में डूबा सागर

पेड़ पर मां का शव, कुएं में 4 बेटियों की लाश, मातम में डूबा सागर


Last Updated:

सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र के खमरिया गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक महिला का शव बेर के पेड़ पर लटका मिला, जबकि पास के कुएं से उसकी चार मासूम बेटियों के शव बरामद हुए. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

सागर पुलिस ग्रामीणों के बयान लेकर जांच में जुटी हुई है.

सागर. जिले के केसली थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. खमरिया गांव में एक महिला का शव बेर के पेड़ पर फंदे से लटका मिला, जबकि कुछ ही दूरी पर खेत में बने कुएं से उसकी चार मासूम बेटियों के शव बरामद हुए. इस घटना के सामने आने के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल बन गया. इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों ने बताया कि सविता सामान्य स्वभाव की महिला थी और उसकी चारों बच्चियां गांव में अक्सर खेलती दिखाई देती थीं. एक ही परिवार के पांच लोगों की अचानक मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.

पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान 28 वर्षीय सविता लोधी के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि महिला की चार बेटियां थीं जिनकी उम्र सात साल, पांच साल, तीन साल और चार महीने बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने जब सुबह महिला का शव पेड़ पर लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद जब आसपास के इलाके की तलाश की गई तो कुएं में चार बच्चियों के शव तैरते दिखाई दिए. इस दर्दनाक दृश्य को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और इलाके में मातम छा गया.

कैसे सामने आया पूरा मामला
गुरुवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने खेत की ओर जाते समय बेर के पेड़ पर महिला का शव लटका देखा. उन्होंने तुरंत गांव के अन्य लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आसपास की जांच शुरू की. इसी दौरान पास के कुएं में चार बच्चियों के शव दिखाई दिए. इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी शवों को बाहर निकलवाया.

पति शहर से बाहर, परिवार में थे बुजुर्ग
पुलिस के अनुसार महिला का पति पिछले करीब एक साल से दूसरे शहर में मजदूरी करने गया हुआ है. वह लंबे समय से घर नहीं लौटा था. घर में सविता अपने ससुर और छोटी बहन के साथ रहती थी. बताया जा रहा है कि बुधवार रात बच्चियां अपनी मौसी के पास सो रही थीं. देर रात महिला उन्हें वहां से उठाकर अपने साथ ले गई थी.

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
केसली थाना प्रभारी लोकेश पटेल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक दबाव और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें



Source link