भिंड में नाबालिग की शादी रुकवाई: घर में चल रहा था हल्दी-मेहंदी कार्यक्रम, टीम ने लड़की को वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया – Bhind News

भिंड में नाबालिग की शादी रुकवाई:  घर में चल रहा था हल्दी-मेहंदी कार्यक्रम, टीम ने लड़की को वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया – Bhind News




भिंड शहर के गांधी नगर क्षेत्र में हो रही एक नाबालिग लड़की की शादी को महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया। टीम ने हल्दी-मेहंदी का कार्यक्रम बंद कराते हुए लड़की को अपने संरक्षण में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। फिलहाल मामले में उम्र संबंधी दस्तावेजों की जांच और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। शहर में बाल विवाह की सूचना मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की की शादी रुकवा दी। जानकारी के अनुसार जिले के ऐंहतार क्षेत्र की रहने वाली करीब 14 वर्षीय लड़की की शादी शहर के वार्ड क्रमांक 7 गांधी नगर में की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद विभाग की टीम सबसे पहले बांके बिहारी गार्डन पहुंची, जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन लड़की और उसके परिजन वहां मौजूद नहीं मिले। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर टीम गांधी नगर स्थित एक किराए के मकान पर पहुंची, जहां लड़की और उसके परिजन मिले। यहां हल्दी-मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था और शादी की तैयारियां की जा रही थीं। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के साथ तहसीलदार रणजीत कुशवाह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल कार्यक्रम रुकवाते हुए शादी की तैयारियां बंद कराईं। इसके बाद लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन परिजन कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। स्थिति को देखते हुए टीम नाबालिग लड़की को अपने साथ लेकर वन स्टॉप सेंटर पहुंची, जहां आवश्यक कागजी कार्रवाई की गई। मामले में जानकारी देते हुए प्रभारी परियोजना अधिकारी सुलक्षणा चौरसिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान लड़की की शादी कराए जाने की पुष्टि हुई, जिसे तत्काल रुकवा दिया गया। उन्होंने बताया कि लड़की की उम्र की पुष्टि मेडिकल जांच के आधार पर की जाएगी और मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Source link