मसूर का पंजीयन खेत में खड़े गेहूं: छतरपुर में पटवारी और गिरदावरी करने वाले सर्वेयर पर होगी कार्रवाई – Chhatarpur (MP) News

मसूर का पंजीयन खेत में खड़े गेहूं:  छतरपुर में पटवारी और गिरदावरी करने वाले सर्वेयर पर होगी कार्रवाई – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर जिले में समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी की तैयारियों के बीच फसल पंजीयन में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। प्रभारी कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने बड़ामलहरा क्षेत्र के ग्राम पीरा पहुंचकर फसल पंजीयन का मौके पर सत्यापन किया। जांच के दौरान दस्तावेजों में दर्ज फसल और खेत में खड़ी फसल में अंतर मिला। मसूर का पंजीयन, खेत में खड़ी मिली गेहूं जांच में सामने आया कि किसान जितेंद्र सिंह ने खसरा नंबर 33, 30, 29, 40 और 77 की करीब 9 हेक्टेयर जमीन पर मसूर की फसल का पंजीयन कराया था। लेकिन मौके पर खेत में मसूर की जगह गेहूं की फसल खड़ी मिली। जांच में यह भी सामने आया कि किसान का फसल पंजीयन बड़ामलहरा क्षेत्र की बजाय गौरिहार क्षेत्र की सेवा सहकारी समिति पचवरा में कराया गया था। इस पर प्रभारी कलेक्टर ने सवाल उठाते हुए कहा कि पीरा (बड़ामलहरा) का किसान गौरिहार की समिति में फसल बेचने के लिए पंजीयन क्यों कराएगा। अधिकारियों पर जांच के निर्देश मामले को गंभीर मानते हुए प्रभारी कलेक्टर ने एसडीएम बड़ामलहरा को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पटवारी हल्का पीरा गजेंद्र सिंह गौड़, सर्वेयर, संबंधित समिति प्रबंधक और ऑपरेटर की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। प्रशासन का कहना है कि समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फसल पंजीयन और उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए लगातार निगरानी और मौके पर सत्यापन किया जा रहा है।



Source link