रीवा में महिला पार्षद को लात घूंसे से पीटा,VIDEO: गरीबी रेखा सूची से नाम कटने पर चिकान टोला में विवाद; पार्षद सहित 6 घायल – Rewa News

रीवा में महिला पार्षद को लात घूंसे से पीटा,VIDEO:  गरीबी रेखा सूची से नाम कटने पर चिकान टोला में विवाद; पार्षद सहित 6 घायल – Rewa News




रीवा शहर के चिकान टोला वार्ड क्रमांक 30 में गरीबी रेखा सूची और राशन कार्ड को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने शुक्रवार शाम हिंसक रूप ले लिया। कुछ लोगों ने महिला पार्षद और उनके परिजनों पर बेसबॉल और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में पार्षद सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मारपीट का VIDEO भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार गुल मुहम्मद अंसारी ने बताया कि उनके किरायेदार समीर अंसारी और आतिफ अंसारी आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आलेकान और उसका एक साथी वहां से गुजर रहे थे। कुछ देर बाद वे वापस लौटे और आरोप लगाने लगे कि दोनों ने उन पर टिप्पणी की है, जबकि वे आपस में ही बातचीत कर रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। विवाद शांत कराने पहुंचीं पार्षद, तभी हुआ हमला विवाद बढ़ने पर स्थानीय लोगों के साथ वार्ड क्रमांक 30 की पार्षद रुकसाना अंसारी भी मौके पर पहुंचीं और मामला शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान पाले खान, अनवरूल हक, अनस अंसारी, रहबर अंसारी और रहीस अंसारी ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बेसबॉल के डंडों और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। पुरुषों के साथ महिलाओं को भी नहीं छोड़ा गया। हमले में अहमद और समीर अंसारी के सिर फट गए, जबकि पार्षद रुकसाना अंसारी के साथ भी मारपीट की गई। गरीबी रेखा सूची को लेकर पुरानी रंजिश गुल मुहम्मद अंसारी के मुताबिक हमलावर परिवार के पास शहर में तीन कीमती दुकानें और दो प्लॉट हैं, इसके बावजूद उनका नाम गरीबी रेखा सूची में दर्ज था। इसकी शिकायत होने के बाद उनका नाम सूची से हट गया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर वे पार्षद से रंजिश रखने लगे थे और इसी वजह से हमला किया गया। घटना में कुल छह लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।



Source link