ग्वालियर में नाबालिग छात्र को पाइप से बांधकर पीटा: गांजा के लिए पैसे नहीं देने पर 3 युवकों ने बेल्ट बरसाई, हंसते हुए वीडियो बनाया – Gwalior News

ग्वालियर में नाबालिग छात्र को पाइप से बांधकर पीटा:  गांजा के लिए पैसे नहीं देने पर 3 युवकों ने बेल्ट बरसाई, हंसते हुए वीडियो बनाया – Gwalior News




ग्वालियर में एक नाबालिग छात्र को लोहे के पाइप से बांधकर बेल्ट से पीटने का मामला सामने आया है। 16 वर्षीय छात्र का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने मोहल्ले के लड़कों को गांजा पीने के लिए पैसे देने से मना कर दिया था। इस बात से नाराज होकर तीन लड़कों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और बहोड़ापुर स्थित जिन्नातों की मस्जिद के पास ले जाकर लोहे के पाइप से बांध दिया। इसके बाद उसकी पीठ पर बेल्ट से कई बार वार कर मारपीट की। घटना 12 मार्च की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। मारपीट के दौरान तीनों आरोपियों ने छात्र का वीडियो भी बनाया। वीडियो में वे छात्र को बांधकर हंसते हुए गालियां देते नजर आ रहे हैं। किसी तरह छात्र वहां से छूटकर अपने घर पहुंचा, लेकिन उसने डर के कारण परिवार को कुछ नहीं बताया। शनिवार को आरोपियों ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी लगी। परिवार ने जब छात्र की पीठ देखी तो उस पर बेल्ट के निशान मिले। इसके बाद शनिवार शाम को पुलिस ने तीनों हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। शहर के बहोड़ापुर इलाके में एक 16 वर्षीय किशोर अपने परिवार के साथ रहता है। वह 10वीं कक्षा का छात्र है। 12 मार्च की रात करीब 11 बजे छात्र एक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। तभी बहोड़ापुर इलाके में उसके पुराने परिचित अस्सी उर्फ सोहेल, इकरार उर्फ बंदर और एक नाबालिग ने उसे रास्ते में रोक लिया और गांजा पीने के लिए रुपयों की मांग की। जब छात्र ने रुपए देने से इनकार किया तो तीनों नाराज हो गए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने उसे जिन्नातों की मस्जिद के पास ले जाकर एक टीन शेड के लोहे के पाइप से बांध दिया। इतना ही नहीं, नाबालिग आरोपी उसके पैर भी बांधने लगा। इस पर साथ खड़े एक युवक ने कहा कि रहने दे, अब यह कहीं नहीं भाग पाएगा। बांधकर बेल्ट से पीटा, पीठ पर उभर आए निशान
इसके बाद एक लड़का उसका वीडियो बनाने लगा, जबकि दो आरोपियों ने बेल्ट से उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोपी लगातार उसकी पीठ पर बेल्ट बरसाते रहे। कुछ देर तक मारपीट करने और वीडियो बना लेने के बाद उन्होंने छात्र को छोड़ दिया। जाते-जाते आरोपियों ने उसे गालियां देते हुए धमकी दी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो इससे भी ज्यादा मारेंगे और वीडियो वायरल कर देंगे। डर के कारण छात्र चुप रहा और घर पहुंचने के बाद भी उसने किसी को इस घटना के बारे में नहीं बताया। शनिवार को वायरल किया मारपीट का वीडियो
नाबालिग छात्र यही सोच रहा था कि किसी को घटना के बारे में बताऊं या न बताऊं, लेकिन इसी बीच शनिवार को आरोपियों ने बांधकर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जब यह वीडियो मोहल्ले के लोगों ने देखा तो छात्र के पिता के पास भी पहुंचा। वह घर पहुंचे और बेटे से बातचीत की तो उसकी पीठ चेक की तो बेटे की पीठ पर बेल्ट के निधान उभरे हुए थे। तत्काल वह बहोड़ापुर थाना पहुंचे और शिकायत की। जिस पर पुलिस ने बिना देर किए तीन हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा
टीआई बहोड़ापुर थाना आलोक परिहार ने बताया कि एक नाबालिग को बांधकर मारपीट का मामला सामने आया है। पैसों के लेनदेन पर मारपीट की गई है। मामला दर्ज कर लिया गया है, वीडियो के आधार पर पहचान हो गई है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।



Source link