खरगोन में महिला ने दो मासूम बेटों को 30 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया। इसके बाद नवजात को गोद में लेकर छलांग लगा दी। जब दम घुटने लगा तो खुद रस्सी के सहारे बाहर आ गई।
.
तीनों बच्चों को वह तड़प-तड़पकर दम तोड़ते हुए देखती रही। यहां तक कि 24 घंटे तक उसे आंसू की बूंद तक नहीं निकली।
दिल दहला देने वाली वारदात बुधवार को सनावद क्षेत्र के भोमवाड़ा गांव की है। मृतकों में अर्जुन (4), करण (2) और 20 दिन का नवजात भी है।
आरोपी महिला नानी बाई को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर गुरुवार को जेल भेज दिया। पूछताछ में नानी बाई ने चौंकाने वाली कहानी बताई है।
दैनिक भास्कर ने मामले की तह तक जाने के लिए नानी बाई के पति कालू सिंह और एसपी रवींद्र वर्मा से बात की।
अर्जुन (लाल शर्ट) और करण (नीली टी-शर्ट) दोनों बच्चे कुएं के पास खेल रहे थे।
पति बोला- तीन किलोमीटर दौड़कर आया, तब पता चला
नानी बाई के पति कालू सिंह ने फोन पर दैनिक भास्कर को बताया- मैं पढ़ा-लिखा नहीं हूं। मजदूरी करता हूं। सात साल पहले नानी बाई से शादी हुई थी। तीन बेटे थे। तीसरे का जन्म 20 दिन पहले ही हुआ था।
10 दिन पहले ही परिवार के साथ खंडवा जिले के डेहरिया गांव से भोमवाड़ा और मलगांव के खेतों में मजदूरी करने आए थे। भोमवाड़ा के किसान बलीराम भमोरिया के खेत में ही रह रहे थे। मामा का बेटा और अन्य रिश्तेदार पास में ही रहते हैं।
मैं रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 7 बजे घर से काम पर निकल गया। बड़ा बेटा करण खेत जाने की जिद करने लगा, लेकिन मना कर दिया। पत्नी को बोलकर निकला कि बच्चों का ध्यान रखना। करीब डेढ़ घंटे बाद 8.30 बजे भानजे के मोबाइल पर फोन आया कि एक बेटा पानी डूब गया है।
यह सुनते ही मैंने घर के लिए दौड़ लगा दी। करीब तीन किमी दौड़कर पहुंचा तो दो बच्चों का शव पानी में था। पता चला कि नवजात का शव कुएं में डूबा है। यह सुनकर कुछ समझ नहीं आ रहा था। पास ही पत्नी नानी बाई बदहवास सी थी।
उससे पूछा तो कहा- काले कपड़े पहने व्यक्ति ने उसे और बच्चों को कुएं में धक्का दे दिया। जब घरवालों ने पूछा कि काले कपड़े पहने व्यक्ति को पहचान सकती हो क्या? तो उसने मना कर दिया।

बुधवार सुबह तीनों बच्चों के शव कुएं में मिले।
एसपी बोले- आंसू तक नहीं निकले, तब हुआ शक
एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि तीनों बच्चों के शव निकालने के बाद उन्हें दफनाया गया, लेकिन नानी बाई की आंखों में न तो आंसू थे और न चेहरे पर मायूसी। महिला ने घरवालों को बताया था कि कुएं में गिरे बच्चों को बचाने के लिए नवजात को लेकर कूद गई थी।
शक हुआ कि बचाने के लिए नवजात को साथ में लेकर कूदने की क्या जरूरत थी? नानी बाई तैरना भी जानती थी। वह बच्चों को बचाने के बजाय खुद सुरक्षित निकल आई। एक साथ तीनों बच्चों की मौत पर भी मां का ऐसा रवैया पुलिस को खटकने लगा। पुलिस ने नानी बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पहले तो वह बरगलाती रही, लेकिन बाद में वारदात कबूल कर ली।
एसपी बोले- तीनों बच्चे तड़पते रहे, महिला ऊपर से देखती रही
एसपी ने बताया कि पूछताछ में नानी बाई ने कहा कि दोनों बेटे करण और अर्जुन कुएं के पास ही खेल रहे थे। कुएं में करीब 11 फीट तक पानी भरा है। सुबह 8 बजे पहले दोनों को कुएं में धकेला। खुद भी मरना चाहती थी, इसलिए नवजात को साथ लेकर कूद गई। जब दम घुटने लगा तो खुद रस्सी पकड़कर बाहर आ गई।
तीनों बेटों को ऊपर कुएं से तड़प-तड़प कर मरते हुए देखती रही। जब बच्चों ने दम तोड़ दिया, तब आसपास के लोगों को बुलाकर बच्चों के खेलते-खेलते पानी में डूबने की जानकारी दी। नानी बाई ने बताया कि दरअसल, मुझसे घर का काम नहीं होता था। तीनों बच्चों की देखभाल करते-करते थक चुकी थी। ऐसा लगता था कि इन्हें मार दूं या खुद मर जाऊं।

30 फीट गहरे कुएं में 11 फीट तक पानी भरा है।
काम से बचती थी नानी बाई, फिर भी बच्चों को मार डाला
कालू ने बताया कि छोटे बेटे का जन्म 20 दिन पहले ही हुआ था। उसका तो अभी नाम भी नहीं रखा था। पत्नी बच्चों को संभाल नहीं पा रही थी। घर के काम से भी बचती थी। जब मैं खुद घर में होता था तो सब्जी काटने, खाना बनाने से लेकर सारे काम मैं ही करता था।
बच्चे जब रोते थे तो पत्नी को संभालने के लिए बोल देता था। घर में उसका व्यवहार सामान्य था। कभी झगड़ा या विवाद भी नहीं होता था। जब मैंने उससे इसका कारण पूछा- तो उसने जवाब नहीं दिया। बाद में 24 घंटे बाद थाने में वह फूट-फूट कर रोने लगी। रोते हुए उसने बच्चों को मारने का पछतावा भी किया, लेकिन उसके आंसुओं पर न तो किसी को दया आईं और ना भरोसा हुआ।
यह भी पढ़ें-
3 बच्चों के साथ कुएं में कूदी मां…मासूमों की मौत मध्य प्रदेश के खरगोन जिला में मां ने पहले अपने दो मासूम बच्चों को कुएं में धक्का दे दिया। इसके बाद 20 दिन के नवजात को लेकर खुद भी कुएं में कूद गई। तीनों बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि मां खुद जिंदा बाहर निकाल गई। मामला सनावद थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर