जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में बीकॉम सेकेंड ईयर की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा के परिचित युवक ने उसे रास्ते में रोककर धमकाया और अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता का आरोप है कि उसकी सगाई की बातचीत चल रही है और आरोपी उसके होने वाले मंगेतर को भी उसके खिलाफ भड़काने की कोशिश कर रहा है। पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय युवती निजी कॉलेज से बीकॉम सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही है। उसने शिकायत में बताया कि उसका परिचित अरुण पुत्र सिद्धूलाल अहिरवार, निवासी ग्राम इकलेरा जिला राजगढ़, उसे लगातार धमका रहा है। फिलहाल आरोपी इंदौर के विजयनगर क्षेत्र में रह रहा है। हाथ पकड़कर रोका, धमकी दी शनिवार को जब युवती पैदल अपने घर जा रही थी, तभी आरोपी ने उसे रास्ते में रोककर बात करने का दबाव बनाया और उसका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर वह अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया, लेकिन जाते-जाते धमकी दी कि वह उसकी कहीं और शादी नहीं होने देगा। छात्रा ने यह भी बताया कि उसकी सगाई की बात चल रही है और आरोपी उसके होने वाले मंगेतर से मिलकर उसे भी भड़काने की कोशिश कर रहा है तथा उसके बारे में अपशब्द कह रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। भंवरकुआं में युवती को किए अश्लील इशारे वहीं भंवरकुआं क्षेत्र में रहने वाली 25 वर्षीय युवती ने भी छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने एकता नगर निवासी ओमप्रकाश पुत्र मूलचंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि आरोपी उसका पीछा करता है और परेशान करता रहता है। शनिवार को जब वह घर के नीचे पार्सल लेने गई थी, तब आरोपी उसे देखकर अश्लील इशारे करने लगा और गाना गाने लगा। इसके बाद युवती ने रात में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
Source link