बिजली तार टूटने से गेहूं की फसल जली: इधर, ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से खेत की मेढ़ में आग लगी – Barwani News

बिजली तार टूटने से गेहूं की फसल जली:  इधर, ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से खेत की मेढ़ में आग लगी – Barwani News




बड़वानी जिले के अंजड इलाके में रविवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। पहली घटना ग्राम चकेरी की है, जहां बिजली का तार टूटने से किसान की गेहूं की फसल जल गई। वहीं दूसरी घटना छोटा बड़दा रोड की है, जहां ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी की वजह से खेत की मेढ़ में आग लग गई। ग्राम चकेरी के किसान राजकमल तोमर के खेत में बिजली के टूटे तार से निकली चिंगारी की वजह से आग लग गई। इस आग में लगभग आधा से एक एकड़ में काटकर रखा गया गेहूं जलकर राख हो गया, जिससे करीब 20 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों और मजदूरों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के खेतों में खड़ी फसल बच गई। खास बात यह रही कि सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी खेत तक जाने वाला रास्ता खराब होने के कारण बीच में ही फंस गई। बाद में जेसीबी की मदद से दमकल वाहन को बाहर निकाला गया। छोटा बड़दा रोड पर मजदूरों ने दिखाई सूझबूझ अंजड के ही छोटा बड़दा रोड पर किसान कुलदीप सिंह झाला के खेत में लगे एक ट्रांसफार्मर से चिंगारी भड़क गई। इससे खेत की मेढ़ पर आग लग गई। उस वक्त खेत में चने की कटाई कर रहे मजदूरों ने समय रहते लपटें देख लीं और तुरंत आग बुझाई। मौके पर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड भी पहुंची। किसान ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग को कई बार शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर का रखरखाव नहीं किया गया, जिससे आज बड़ा हादसा हो सकता था। मुआवजे और मरम्मत की मांग भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री कमल सिंह तोमर ने बिजली कंपनी से लाइनों की मरम्मत करने और प्रशासन से खेतों तक पहुंचने वाले रास्तों को ठीक करने की मांग की है। प्रभावित किसान ने भी नुकसान के मुआवजे की अपील की है।



Source link