भोपाल में सात महिलाओं को ‘सप्तमातृ’ सम्मान: विश्वमांगल्य सभा अधिवेशन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित हुईं – Bhopal News

भोपाल में सात महिलाओं को ‘सप्तमातृ’ सम्मान:  विश्वमांगल्य सभा अधिवेशन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित हुईं – Bhopal News




विश्वमांगल्य सभा द्वारा रविंद्र भवन में आयोजित मध्यभारत प्रांत के दो दिवसीय अधिवेशन के दूसरे दिन समाज और विभिन्न कार्यक्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाली सात महिलाओं को ‘सप्तमातृ’ सम्मान से सम्मानित किया गया। इससे पहले अधिवेशन में पंच परिवर्तन और समग्र भारतीय जीवनचर्या विषय पर सत्र आयोजित किए गए। सम्मान समारोह में विश्वमांगल्य सभा के संस्थापक एवं श्रीनाथ पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी जितेंद्रनाथ महाराज तथा महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के कुलपति ब्रह्मचारी डॉ. गिरीश चन्द्र वर्मा ने सभी महिलाओं को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री पूजा देशमुख, मध्यप्रदेश अध्यक्ष सूरज डामोर, राष्ट्रीय जनसंपर्क प्रमुख एवं अखिल भारतीय संयोजिका अनुराधा यादव, मध्यभारत प्रांत अध्यक्ष विभा रघुवंशी, कार्यकारी अध्यक्ष लतिका चौहान और बविता अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं। सात महिलाओं को मिला ‘सप्तमातृ’ सम्मान
कार्यक्रम में भोपाल की रिषिका आहूजा को उद्यम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा दतिया की रमा आर्य को ज्ञान के क्षेत्र में, बैतूल की साधना मिश्रा को कला क्षेत्र में, ग्वालियर की महिमा तारे को समाजसेवा के क्षेत्र में, कोकिला सेठ को मातृत्व के क्षेत्र में, आईएएस अधिकारी सोनाली पोंकशे वायंगंकर को शक्ति क्षेत्र में तथा नर्मदापुरम की प्रज्ञा भारती को धर्मक्षेत्र में सम्मान प्रदान किया गया। प्रज्ञा भारती की ओर से उनके प्रतिनिधि ने सम्मान ग्रहण किया। रिषिका आहूजा ने दी उद्यमिता को नई पहचान
भोपाल की युवा उद्यमी रिषिका आहूजा ने दूरदर्शिता, नेतृत्व और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ उद्यमिता को नई पहचान दी है। उन्होंने वर्ष 2017 में मात्र तीन कर्मचारियों के साथ आरबी एसोसिएट कंपनी की स्थापना की, जो आज 400 करोड़ रुपए से अधिक के वार्षिक टर्नओवर वाले सफल संगठन के रूप में स्थापित हो चुकी है। वर्तमान में उनके नेतृत्व में 20 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। किसानों और महिलाओं के लिए भी पहल
रिषिका आहूजा ने किसानों के हित में राष्ट्रीय कृषि बाजार (ई-नाम) डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रशिक्षण देकर उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य दिलाने में योगदान दिया है। इसके साथ ही भोपाल कृषि उपज मंडी समिति में 5 रुपए में भोजन उपलब्ध कराने जैसी सामाजिक पहल में सहयोग किया। उन्होंने किसानों, हम्मालों और श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार और कौशल विकास की दिशा में भी कार्य किए हैं। शिक्षा और उद्यमिता का समन्वय
आरबी एसोसिएट ग्लोबल कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापक एवं निदेशक रिषिका आहूजा ने डबलिन बिजनेस स्कूल, यूरोप से एमबीए की पढ़ाई की। इसके बाद भारत लौटकर भोपाल में वर्ष 2017 में कंपनी की स्थापना कर स्टार्टअप शुरू किया। आउटसोर्सिंग और मानव संसाधन प्रबंधन में विशेषज्ञता रखने वाली रिषिका सामाजिक उद्यमिता, डिजिटल कृषि प्रशिक्षण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।



Source link