राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में जनरेटर अल्टीनेटर और इनवर्टर बैटरी चोरी की लगातार हो रही वारदातों का पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह एक छोटा गिरोह था जो किराए की अर्टिगा कार का इस्तेमाल करता था। गिरोह गांव-गांव पहुंचकर दुकानों और फार्मों को निशाना बनाता था और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा, साइबर सेल की मदद भी ली गई। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। भोजपुर थाना प्रभारी संगीता शर्मा ने इस टीम का नेतृत्व किया। पुलिस ने इस मामले में दिलीप पिता रामचरण जाटव (37) निवासी ग्राम नारियाबे हाल निवास मधु मिलन फैक्ट्री के सामने ब्यावरा, संजय उर्फ बंटी पिता कैलाश मेवाड़े (38) निवासी बैकुंठ मार्ग ब्यावरा और अब्दुल रशीद उर्फ अल्लू पिता अब्दुल लतीफ (45) निवासी पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने ब्यावरा को गिरफ्तार किया है। किराए की कार से करते थे चोरी की वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। गिरोह का सदस्य अब्दुल रशीद किराए की अर्टिगा कार की व्यवस्था करता था और साथियों को चोरी की जगह तक पहुंचाता था। वहीं दिलीप और संजय मौके पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक 27 फरवरी 2026 की रात आरोपियों ने भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबली में दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा की दुकान को निशाना बनाया। रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने जनरेटर के पांच अल्टीनेटर चोरी कर लिए और उन्हें अर्टिगा कार में रखकर ब्यावरा ले जाकर सुठालिया बायपास स्थित एक कबाड़ी को बेच दिया। इसके बाद 8 मार्च 2026 को आरोपियों ने फिर इसी तरीके से वारदात को अंजाम दिया। इस बार उन्होंने उस्मान भाई के पोल्ट्री फार्म को निशाना बनाया। आरोपी अब्दुल रशीद ने कार को सड़क किनारे गेहूं के खेत में छिपाकर खड़ा किया ताकि किसी को वाहन दिखाई न दे। इसके बाद दिलीप और संजय ने फार्म से एक जनरेटर का अल्टीनेटर और इनवर्टर की चार बड़ी बैटरियां चोरी कर लीं और उन्हें भी कार में रखकर ब्यावरा ले जाकर बेच दिया। आरोपियों से सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से जुड़े कई सामान बरामद किए हैं। इनमें दो अल्टीनेटर, चार क्षतिग्रस्त अल्टीनेटर, एक हथौड़ा, एक कटर, चार पाना, घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार और दो मोबाइल फोन शामिल हैं। पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्यों पर पहले भी चोरी और अन्य मामलों में केस दर्ज हैं। संजय उर्फ बंटी और दिलीप के खिलाफ कोतवाली राजगढ़ में, जबकि दिलीप के खिलाफ देहात ब्यावरा थाने में भी मामला दर्ज है। वहीं अब्दुल रशीद के खिलाफ भी कोतवाली राजगढ़ और ब्यावरा शहर थाने में पूर्व में अपराध दर्ज हैं।
Source link