देवास में चैत्र नवरात्रि पर्व 19 मार्च से शुरू होगा। इस अवसर पर माताजी टेकरी पर की जा रही तैयारियों का कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सोमवार शाम को निरीक्षण किया। उन्होंने दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, साज-सज्जा, विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की और माताजी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, एसडीएम अभिषेक शर्मा सहित लोक निर्माण, विद्युत और नगर निगम विभागों के अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर सिंह ने गर्मी के मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेकरी परिसर में आने वाले दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बड़ी माता और छोटी माता मंदिर परिसर में सुगम दर्शन के लिए बेहतर प्रबंधन करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने दर्शनार्थियों को आसानी से माताजी के दर्शन हो सकें, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही, टेकरी परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सीढ़ी और शंख द्वार मार्ग पर भी बेहतर व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानदारों को ही दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए और अस्थाई दुकानों को न लगने दिया जाए। उन्होंने माताजी टेकरी पर चल रही सभी तैयारियों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।
Source link