पन्ना जिले के झिन्ना गांव में सोमवार को सरसों की गहाई के दौरान एक हादसा हो गया। मजदूरी कर रहे 40 वर्षीय बलराम आदिवासी का हाथ थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से कट गया। हादसे में मजदूर के सिर और सीने में भी गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मशीन के कटर में फंसी शर्ट, अंदर खिंच गया मजदूर झिन्ना निवासी बलराम आदिवासी गांव में ही मजदूरी पर सरसों की गहाई का काम कर रहा था। काम के दौरान अचानक उसकी शर्ट मशीन के कटर में फंस गई, जिससे वह तेजी से मशीन के अंदर खिंच गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने तत्काल मशीन बंद कर बलराम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसका बायां हाथ पूरी तरह कट चुका था। अजयगढ़ से जिला अस्पताल पन्ना रेफर घायल मजदूर को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने स्थिति को चिंताजनक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय पन्ना के लिए रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मशीन की गति इतनी तेज थी कि बलराम को संभलने का मौका भी नहीं मिला। पांच बच्चों के पिता के सामने रोजी-रोटी का संकट बलराम अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है। उसकी पत्नी प्रेमबाई ने बताया कि उनके पांच छोटे बच्चे हैं और पूरे परिवार का भरण-पोषण बलराम की मजदूरी से ही होता था। इस हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
Source link