बिजली चोरी रोकने गए अधिकारियों को कुल्हाड़ी से धमकाया: दो साल से कटी लाइन पर चोरी से जला रहे थे बिजली; माफी मांगने पर छोड़ा – Vidisha News

बिजली चोरी रोकने गए अधिकारियों को कुल्हाड़ी से धमकाया:  दो साल से कटी लाइन पर चोरी से जला रहे थे बिजली; माफी मांगने पर छोड़ा – Vidisha News




विदिशा के टीलाखेड़ी नई बस्ती क्षेत्र में बिजली बिल वसूली और बिजली चोरी की जांच करने पहुंची बिजली कंपनी की टीम के साथ बदसलूकी और मारपीट के प्रयास का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बिजली कंपनी के जोन-2 अधिकारी शरद महोबिया ने बताया कि विभागीय टीम बकाया बिलों की वसूली और भौतिक सत्यापन के लिए क्षेत्र में पहुंची थी। टीलाखेड़ी नई बस्ती में रानी बाई, पति अजब सिंह के नाम पर करीब 68 हजार रुपए का बिजली बिल बकाया है। बकाया के कारण उनके घर की विद्युत लाइन लगभग दो साल पहले काट दी गई थी, इसके बावजूद परिवार द्वारा चोरी से बिजली उपयोग किए जाने की शिकायत मिल रही थी। पहले भी जांच से बचता रहा है उपभोक्ता अधिकारियों के अनुसार कर्मचारी पहले भी कई बार जांच के लिए पहुंचे थे, लेकिन हर बार उपभोक्ता अस्थायी कनेक्शन हटाकर बिजली चोरी के सबूत छिपा लेते थे। सोमवार को जब टीम मौके पर पहुंची तो घर का गेट बंद था। इसके बाद कर्मचारी सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े और बिजली चोरी के तरीके का पता लगाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान घर के अंदर से एक युवक बाहर आया, जो कथित तौर पर शराब के नशे में था। उसने आते ही बिजली कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया और दोनों ने मिलकर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। सीढ़ी फेंकी, अधिकारी का कॉलर पकड़ा आरोप है कि दोनों युवकों ने कर्मचारियों द्वारा लगाई गई सीढ़ी फेंक दी और एक अधिकारी का कॉलर पकड़ लिया। इतना ही नहीं, घर के अंदर से कुल्हाड़ी निकालकर कर्मचारियों को धमकाने और मारपीट करने का भी प्रयास किया गया। घटना की जानकारी बिजली अधिकारियों ने तुरंत सीएसपी अतुल सिंह को फोन कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने ले गई। थाने में दोनों भाइयों ने माफी मांगते हुए कुछ दिनों के भीतर बकाया बिजली बिल जमा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद बिजली कंपनी के अधिकारियों ने फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई स्थगित कर दी है। बकायेदारों पर चल रहा निरीक्षण अभियान बिजली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि 25 हजार रुपए से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ भौतिक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत उप महाप्रबंधक अरविंद वर्मा ने शेरपुरा और टीलाखेड़ी क्षेत्र में स्वयं निरीक्षण किया। विभाग का कहना है कि बकाया बिल और बिजली चोरी के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link