मऊगंज के बेलौही जलप्रपात में सोमवार को लापता युवक सुग्रीव दास गुप्ता की तलाश में चलाया गया सघन सर्च ऑपरेशन बेनतीजा रहा। SDRF और स्थानीय ग्रामीणों की टीम ने सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक गहरे पानी में खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। जलप्रपात के ऊपरी हिस्से में मिलीं चप्पल बिलोही कला निवासी सुग्रीव दास गुप्ता पिछले चार दिनों से लापता थे, जिनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट शाहपुर थाने में दर्ज है। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि युवक जलप्रपात में कूद गया है। मौके पर पहुंची पुलिस को प्रपात के ऊपरी हिस्से से युवक की चप्पलें बरामद हुई हैं, जिससे उसके पानी में गिरने की आशंका प्रबल हो गई है। SDRF के गोताखोरों ने गहरे पानी में की खोज जलप्रपात के भीतर पानी में संदिग्ध आकृति दिखने के बाद SDRF की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों ने जलप्रपात के गहरे कुंड और चट्टानी दरारों में घंटों तलाशी ली। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रपात के किनारों पर खोजबीन में सहयोग किया, लेकिन अंधेरा होने तक युवक या उसके शव का पता नहीं चल पाया। पुलिस ने जांच और निगरानी बढ़ाई शाहपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जलप्रपात क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस युवक के लापता होने के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन को रोक दिया गया है, जिसे कल दोबारा शुरू किए जाने की संभावना है।
Source link