खंडवा के नर्मदानगर क्षेत्र में माथनी के जंगल में महुआ बीनने गए एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव की पहचान रामशंकर पिता रामदीन (42) निवासी ग्राम पामाखेड़ी के रूप में हुई है। घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के बाद भालू मृतक के शव से कुछ दूरी पर झाड़ियों में बैठा था, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीओ फॉरेस्ट पुनासा मानसिंह खाराड़ी, प्रभारी रेंजर चांदगढ़ प्रेम सिंह दहिया और डिप्टी रेंजर मगन सिंह मेहरा (माथनी) मौके पर पहुंचे। आसपास के गांवों में मुनादी कराने के निर्देश
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रामशंकर महुआ बीनने के लिए जंगल में गया था। इसी दौरान भालू ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। विभाग ने तत्काल सहायता के रूप में अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रुपए मृतक के परिजनों को दिए हैं। साथ ही अधिकारियों ने बताया कि शासन की ओर से मिलने वाली उचित मुआवजा राशि भी परिजनों को दिलाई जाएगी। घटना के बाद विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोग जंगल में सावधानी बरतें और ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि जंगल में अकेले न जाएं, जिससे मानव और वन्य जीव दोनों सुरक्षित रह सकें।
Source link