अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार शाम को रायसेन के डायट परिसर में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन और कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने किया। शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली बालिकाओं, महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना सहित अन्य योजनाओं के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कुपोषण दूर करने के लिए फूड किट और स्वागतम लक्ष्मी योजना के तहत बालिकाओं को स्वागतम लक्ष्मी किट भी प्रदान की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आयोजित इस समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन ने अपने संबोधन में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और रानी अवंतिका बाई जैसी वीरांगनाओं का उल्लेख किया। बोलीं- महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही
उन्होंने कहा कि आज भी अनेक महिलाएं राष्ट्र की सुरक्षा और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार भी बालिकाओं और महिलाओं को शिक्षा, उच्च शिक्षा तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने बेटों को महिलाओं का सम्मान करने और उनकी मदद के लिए तत्पर रहने के संस्कार देने पर जोर दिया। कलेक्टर विश्वकर्मा ने उपस्थित महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां पढ़ाई के साथ-साथ खेल, विज्ञान जैसे क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। कार्यक्रम में जनसंपर्क अधिकारी अनुभा सिंह और नगर पालिका सीएमओ सुरेखा जाटव को भी सम्मानित किया गया। महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश जैन ने कार्यक्रम की रूपरेखा और विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर कक्षा 12वीं की टॉपर बालिका अदिति बडकुर ने बालिकाओं को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं में जिले की टॉप-10 बालिकाओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत प्रशस्ति पत्र, प्रमाण पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
Source link