शिवपुरी शहर के लाल माटी क्षेत्र स्थित दुबे नर्सरी के पास सोमवार दोपहर एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपए का सामान जल चुका था। लाल माटी क्षेत्र निवासी मोनू खटीक ने बताया कि घटना के समय वह बाजार गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे मंदिर गए थे। दोपहर करीब 12 बजे पड़ोसियों ने घर से धुआं उठता देख उन्हें फोन पर सूचना दी। मोनू खटीक तुरंत घर पहुंचे तो देखा कि कमरे में आग लगी हुई थी। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य किया। आग से घर में रखी करीब डेढ़ से दो लाख रुपए की ज्वेलरी, लगभग 50 हजार रुपए नकद और अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Source link