सतना जिले की मझगवां जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत अमिरती ने त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था में विकास की नई मिसाल पेश की है। इस पंचायत का भवन अपनी आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक निर्माण के कारण इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है, जो किसी कॉर्पोरेट ऑफिस को टक्कर देता है। ग्राम पंचायत अमिरती में लगभग 20 लाख रुपए की लागत से भवन का निर्माण कराया गया है। इस भवन का लोकार्पण 14 अप्रैल 2024 को किया गया था। भवन के निर्माण के बाद, 34 वर्षीय युवा सरपंच दिलीप त्रिपाठी ने अपने निजी खर्च से इसकी साज-सज्जा करवाई है, जिससे यह और भी आधुनिक और सुसज्जित नजर आता है। इस पंचायत भवन में वाईफाई कनेक्शन, एलईडी टीवी, सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था और आधुनिक फर्नीचर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरपंच दिलीप त्रिपाठी, जो एम.कॉम तक शिक्षित हैं, ने बताया कि उनका प्रयास रहा है कि पंचायत का सदन भी किसी जनपद या जिला स्तर के सभागार की तरह विकसित हो। पंचायत की कुल आबादी 2200 है
खास बात यह है कि अमिरती पंचायत न तो शहर मुख्यालय से सीधे जुड़ी है और न ही ब्लॉक मुख्यालय से। यह पंचायत बीहड़ और जंगल से घिरे क्षेत्र में स्थित है। इसके बावजूद, यहां बनाए गए पंचायत भवन की व्यवस्था और सुविधाएं लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। पंचायत की कुल आबादी लगभग 2200 है, जबकि मतदाताओं की संख्या करीब 1300 बताई जाती है। सरपंच के अनुसार, एक अच्छे माहौल में काम करने से सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से होता है। इसी सोच के तहत यह आधुनिक सभागार तैयार किया गया है, जहां बैठकों और ग्राम सभाओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सुशासन का एक प्रेरक उदाहरण बना
उन्होंने बताया कि सभागार में एलईडी लगी होने से पंच, सचिव, रोजगार सहायक से ले कर ग्रामीण तक समय समय पर सरकारी योजनाओं में होने वाले बदलाव से भी अपडेट होते रहते हैं। कॉरपोरेट ऑफिस की तर्ज पर तैयार इस भवन को देखकर ग्रामीणों में भी गर्व की भावना दिखाई देती है। ग्रामीणों का मानना है कि दूरस्थ और वन क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद अमिरती पंचायत का यह भवन विकास और सुशासन का एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया है।
Source link