Last Updated:
Lpg cylinder gas level check desi trick : रसोई में अचानक गैस खत्म हो जाना अक्सर परेशानी का कारण बन जाता है, खासकर जब खाना बन रहा हो. लेकिन अब एक आसान देसी तरीका सामने आया है जिससे बिना सिलेंडर हिलाए ही पता लगाया जा सकता है कि उसमें कितनी गैस बची है. बस गीले कपड़े और कुछ मिनट के इंतजार से सिलेंडर का भरा और खाली हिस्सा आसानी से पहचाना जा सकता है.
सतना : रसोई में खाना बनाते समय अचानक गैस खत्म हो जाना हर घर की आम परेशानी है. अक्सर लोग सिलेंडर को हल्का हिलाकर या उसके वजन से अंदाजा लगाते हैं कि उसमें कितनी गैस बची है लेकिन कई बार यह तरीका सही साबित नहीं होता और खाना बनाते समय ही गैस खत्म हो जाती है. खासकर गर्मी या त्योहारों के समय जब खाना ज्यादा बनता है तब यह समस्या और बढ़ जाती है. ऐसे में अगर पहले से ही यह पता चल जाए कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है तो समय रहते नया सिलेंडर बुक किया जा सकता है और रसोई का काम भी बिना रुकावट चलता रहता है.
गीले कपड़े से जान सकते हैं गैस का स्तर
सिलेंडर में कितनी गैस बची है यह जानने के लिए एक बेहद आसान और देसी तरीका अपनाया जा सकता है. लोकल 18 को जानकारी देते हुए शासकीय स्कूल सोहावल की केमिस्ट्री की प्रधान अध्यापिका उर्मिला मिश्रा बताती हैं कि गीले कपड़े वाला तरीका सबसे सुरक्षित और कारगर माना जाता है. इसके लिए एक साफ कपड़ा पानी में भिगोकर सिलेंडर की सतह को ऊपर से नीचे तक अच्छी तरह पोंछ दें या हल्का पानी डाल दें. इसके बाद 3 से 5 मिनट तक इंतजार करें ताकि सिलेंडर की सतह पर पड़ा पानी धीरे-धीरे सूखने लगे.
ऐसे समझें सिलेंडर में कितनी गैस बची है
कुछ मिनट बाद ध्यान से देखने पर सिलेंडर का एक हिस्सा जल्दी सूख जाएगा जबकि एक हिस्सा देर तक गीला रहेगा. जो हिस्सा गीला रहता है समझ लें कि वहां तक सिलेंडर के अंदर गैस मौजूद है. वहीं जो हिस्सा जल्दी सूख जाता है वह सिलेंडर का खाली हिस्सा होता है. इस तरह बिना सिलेंडर को उठाए या हिलाए ही आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसमें कितनी गैस बची है और कब नया सिलेंडर बुक करना चाहिए.
इसके पीछे छिपा है विज्ञान का सिद्धांत
उन्होंने कहा कि यह तरीका पूरी तरह केमिस्ट्री और फिजिक्स के सिद्धांत पर आधारित है. एलपीजी सिलेंडर के अंदर गैस बहुत अधिक दबाव में तरल यानी लिक्विड रूप में रहती है. यह तरल गैस सिलेंडर की धातु की दीवारों को बाहर के वातावरण की तुलना में ज्यादा ठंडा रखती है. जब सिलेंडर की बाहरी सतह को गीले कपड़े या पानी से भिगोया जाता है तब ठंडे हिस्से पर पानी जल्दी नहीं सूखता जबकि खाली और अपेक्षाकृत गर्म हिस्से से पानी जल्दी वाष्प बनकर उड़ जाता है.
सुरक्षित और आसान तरीका
घरेलू उपयोग के लिए यह तरीका काफी सुरक्षित माना जाता है क्योंकि इसमें सिलेंडर को ज्यादा हिलाने डुलाने की जरूरत नहीं पड़ती. बस थोड़े से पानी और कुछ मिनट के इंतजार से सिलेंडर में बची गैस का अंदाजा लगाया जा सकता है. यही वजह है कि कई घरों में महिलाएं इस देसी और वैज्ञानिक तरीके का इस्तेमाल करने लगी हैं.
About the Author
7 वर्षों से पत्रकारिता में अग्रसर. इलाहबाद विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन जर्नालिस्म की पढ़ाई. अमर उजाला, दैनिक जागरण और सहारा समय संस्थान में बतौर रिपोर्टर, उपसंपादक औऱ ब्यूरो चीफ दायित्व का अनुभव. खेल, कला-साह…और पढ़ें