8 साल से बिना डायवर्जन चल रहा था मैरिज गार्डन: विदिशा में राजस्व टीम की कार्रवाई, 38 लाख वसूली अभियान के बीच यादव गार्डन सील – Vidisha News

8 साल से बिना डायवर्जन चल रहा था मैरिज गार्डन:  विदिशा में राजस्व टीम की कार्रवाई, 38 लाख वसूली अभियान के बीच यादव गार्डन सील – Vidisha News




विदिशा में कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर राजस्व विभाग ने डायवर्जन शुल्क वसूली अभियान चलाया है। सोमवार को तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम ने शहर में मैरिज गार्डन, स्कूल, अस्पताल सहित अन्य व्यावसायिक संस्थानों का निरीक्षण किया। इसी अभियान के तहत रामलीला मैदान के पीछे स्थित यादव मैरिज गार्डन को डायवर्जन शुल्क बकाया होने पर सील कर दिया गया। राजस्व विभाग के अनुसार, यह गार्डन पिछले लगभग 8 वर्षों से बिना डायवर्जन के संचालित हो रहा था और शासन के नियमों का उल्लंघन कर रहा था। तहसीलदार निधि पटेल ने जानकारी दी कि विदिशा तहसील में लगभग 38 लाख रुपए की राजस्व वसूली लंबित है। इसी बकाया राशि की वसूली के लिए राजस्व विभाग की टीम लगातार विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर रही है और शुल्क जमा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। डायवर्जन शुल्क जमा करना अनिवार्य
उन्होंने यह भी बताया कि शासन के नियमानुसार, कृषि भूमि का व्यावसायिक उपयोग करने पर डायवर्जन शुल्क जमा करना अनिवार्य है। 1 अप्रैल से 30 जून तक यह शुल्क बिना किसी पेनल्टी के जमा किया जा सकता है, जबकि 30 जून के बाद 100 प्रतिशत पेनल्टी के साथ भुगतान करना होता है। तहसीलदार पटेल ने बताया कि डायवर्जन शुल्क जमा न करने वाले मैरिज गार्डन, पेट्रोल पंप और अवैध कॉलोनियों की सूची भी तैयार की गई है, जिन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया डायवर्जन शुल्क जमा होते ही यादव मैरिज गार्डन को खोलने की अनुमति दे दी जाएगी।



Source link